एक माह से लोग बीमार,स्वास्थ्य विभाग ने लगाए कैंप,पानी के नमूनों की जांच शुरू

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 जून 2026 (घटती-घटना)। भीषण गर्मी और बेमौसम बारिश के बीच मैनपाट क्षेत्र के नर्मदापुर, कुनिया समेत आसपास के कई गांवों में पीलिया का प्रकोप सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक माह से लोग सर्दी-खांसी, उल्टी और कमजोरी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। जांच कराने पर कई मरीजों में पीलिया की पुष्टि हुई है। स्थानीय लोगों का दावा है कि कुनिया के पूर्व उपसरपंच जितेंद्र यादव,नर्मदापुर निवासी भाग्यवती यादव,बैगहवा की एक युवती और बरिमा निवासी कक्षा 9 वीं के छात्र विकास यादव की मौत पीलिया के कारण हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इन मौतों को पीलिया से जोडऩे की पुष्टि नहीं की है। विभाग का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। ग्रामीणों के मुताबिक बीमारी का असर करीब एक माह से बना हुआ है। कई मरीजों का इलाज अंबिकापुर और रायपुर के अस्पतालों में चल रहा है। अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती मरीज उदयभान यादव ने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग पीलिया से प्रभावित हैं और कई मरीज बेहतर इलाज के लिए बाहर गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बीमारी फैलने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग समय पर सक्रिय नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि शुरुआती दौर में मरीज स्थानीय स्तर पर इलाज कराते रहे, लेकिन बीमारी बढऩे के बाद मामला सामने आया।
प्रभावित गांवों में लगाए गए कैंप
स्वास्थ्य सेवाएं, सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने मैनपाट क्षेत्र में पीलिया फैलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग को अलर्ट कर प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। टीम मरीजों की जांच और उपचार के साथ बीमारी के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
पानी की जांच शुरू
डॉ. शुक्ला ने बताया कि पीलिया फैलने के कारणों का पता लगाने के लिए पेयजल स्रोतों की जांच कराई जा रही है। साथ ही लोगों को साफ-सफाई रखने,पानी उबालकर पीने और ताजा व गर्म भोजन करने की सलाह दी गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur