प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को सुनने उमड़ी जनभागीदारी,राष्ट्र निर्माण में योगदान का लिया संकल्प,स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
मनेंद्रगढ़,02 जून 2026 (घटती-घटना)। राजस्थान भवन मनेंद्रगढ़ में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम‘मन की बात’के सामूहिक श्रवण का आयोजन किया गया,कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल,भाजपा जिलाध्यक्ष चम्पा देवी पावले, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष लखन लाल श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
पर्यावरण, स्वच्छता और आत्मनिर्भर भारत पर दिया जोर
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण,स्वच्छता,महिला सशक्ति करण,युवा शक्ति, नवाचार, आत्मनिर्भर भारत,सामाजिक समरसता और जन भागीदारी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की, उन्होंने देशभर में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तियों और समूहों के प्रयासों का उल्लेख करते हुए नागरिकों से राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान किया,प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है तथा समाज के हर वर्ग को सकारात्मक बदलाव का भागीदार बनना चाहिए।
‘मन की बात’ समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला कार्यक्रम : स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि‘मन की बात’केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं,बल्कि प्रधानमंत्री और देशवासियों के बीच आत्मीय संवाद का माध्यम है, यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच और रचनात्मक कार्यों को बढ़ावा देता है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश लोगों को अपने सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करते हैं।
जनसंवाद की नई परंपरा बनी ‘मन की बात’ : चम्पा देवी पावले
भाजपा जिलाध्यक्ष चम्पा देवी पावले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से जनसंवाद की एक नई परंपरा स्थापित की है, यह कार्यक्रम समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और नवाचारों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य कर रहा है, इससे नागरिकों में सकारात्मक सोच और समाजसेवा की भावना विकसित होती है।
विकास,संस्कृति और राष्ट्रभक्ति को मिल रही मजबूती
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष लखन लाल श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार देश को विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं,वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज के प्रेरणादायक लोगों की कहानियों को देश के सामने लाने का महत्वपूर्ण मंच बन गया है, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव ने महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता पर प्रधानमंत्री के विचारों को जनजागरण का माध्यम बताया,पूर्व योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने स्वास्थ्य, योग और स्वस्थ जीवनशैली पर प्रधानमंत्री द्वारा दिए जा रहे संदेशों को समाज के लिए उपयोगी बताया।
युवाओं को नवाचार और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा
युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अंकित शर्मा ने कहा कि ‘मन की बात’ युवाओं को नवाचार, स्टार्टअप, तकनीक और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करती है, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रामचरित द्विवेदी ने कहा कि यह कार्यक्रम देशभर में हो रहे सकारात्मक प्रयासों को सम्मान देने का मंच बन चुका है।
राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने विकसित भारत,आत्मनिर्भर भारत और स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया,राजस्थान भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही और पूरा वातावरण राष्ट्रहित,जनसेवा तथा सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत दिखाई दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur