राजपुर,01 जून 2026 (घटती-घटना)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर के अध्यक्ष नीरज तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि दिनांक 1/6/2026को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर को ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय राजमार्ग-343 में राजपुर नगर क्षेत्र में किए जा रहे पेंच रिपेयरिंग कार्य की गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही थाना प्रभारी राजपुर को भी प्रस्तावित आंदोलन की सूचना दी गई है। ज्ञापन में बताया गया है कि एनएच-343 की स्थिति पिछले लगभग दो वर्षों से अत्यंत जर्जर बनी हुई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण आम नागरिकों, व्यापारियों तथा राहगीरों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के नव निर्माण का कार्य अक्टूबर माह से प्रारंभ होने के बावजूद ठेकेदार की धीमी कार्यप्रणाली के कारण अब तक कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। वर्तमान में बरसात पूर्व कराए जा रहे पेंच रिपेयरिंग कार्य को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि यह कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप न होकर जेसीबी मशीन के माध्यम से मनमाने ढंग से किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। इसको लेकर आम जनता में प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों के प्रति असंतोष और आक्रोश व्याप्त है। नीरज तिवारी ने प्रशासन से मांग की है कि पेंच रिपेयरिंग कार्य की निष्पक्ष जांच कराकर निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई और कार्य में सुधार नहीं हुआ, तो जनहित में दिनांक 5 जून 2026, शुक्रवार को दोपहर 12 बजे राजपुर के नवकी मोड़ पर धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम किया जाएगा। आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन एवं संबंधित विभाग की होगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur