Breaking News

राजपुर@ अतःगागर नदी में डूबे व्यक्ति की लाश स्वतः बाहर आई

Share


राजपुर,01 जून 2026 (घटती-घटना)।
बलरामपुर जिले के राजपुर थाना एवं बरियों चौकी क्षेत्र की सीमा में स्थित गागर नदी में डूबे 22 वर्षीय युवक फुलसाय लकड़ा का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। दो दिनों तक चले लगातार खोज अभियान के बाद युवक का शव नदी के हक्कादह दरहा नामक स्थान पर पानी के बहाव के साथ ऊपर आ गया। जानकारी के अनुसार बरियों उरांव पारा में आयोजित शादी समारोह के बाद शनिवार सुबह फुलसाय लकड़ा (22 वर्ष), पिता सुरेंद्र लकड़ा,अपने साथियों के साथ गागर नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह नदी की गहराई में चला गया और डूब गया। घटना के बाद से राजपुर थाना पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा था। क्षेत्र में रविवार रात हुई तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ गया था। सोमवार सुबह लगभग 9 बजे ग्रामीणों ने हक्कादह दरहा के पास नदी में शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। युवक का शव मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर है तथा पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने लोगों से नदी, तालाब एवं अन्य गहरे जलाशयों में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।


Share

Check Also

बलरामपुर@ बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share 12 घंटे में 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार,वर्षों से फरार आरोपी भी पकड़ेबलरामपुर,01 जून 2026 …

Leave a Reply