सीतापुर,31 मई 202६ (घटती-घटना)। अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे क्रमांक-43 पर शनिवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में जारी है। जानकारी के अनुसार, सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम महेशपुर निवासी आशीष तिर्की (19) अपनी मां के साथ किसी कार्य से सीतापुर आया था। शनिवार शाम करीब 5ः30 बजे वह बाइक क्रमांक सीजी 15 डीपी 1731 से अपनी मां को लेकर वापस गांव लौट रहा था। सीतापुर से लगे ग्राम बमलाया के पास पहुंचते ही अंबिकापुर की ओर से तेज गति से आ रहे हाइवा वाहन क्रमांक बीआर 25 जीए 4085 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े। हादसे में आशीष तिर्की के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आशीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी मां की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाकारी हाइवा को जब्त कर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की असमय मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। घटना के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur