अम्बिकापुर,31 मई 2026 (घटती-घटना)। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा, अम्बिकापुर द्वारा विधि विभाग के अंतर्गत एक वर्षीय (दो सेमेस्टर) पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स पाठ्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रारंभ किया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह पाठ्यक्रम बाल अधिकारों के संरक्षण, संवर्धन एवं उनसे संबंधित विधिक प्रावधानों के अध्ययन के उद्देश्य से तैयार किया गया है। पाठ्यक्रम का प्रस्तावित अध्यादेश एवं पाठ्यक्रम संरचना विश्वविद्यालय की विधि विषयक अध्ययन मंडल द्वारा अनुमोदित किए जाने के पश्चात विद्या परिषद एवं कार्य परिषद से स्वीकृत हो चुके हैं। पाठ्यक्रम के प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु कुल 30 सीटें निर्धारित की गई हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन की प्रक्रिया 29 मई 2026 से प्रारंभ कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि वर्तमान समय में बाल अधिकारों की सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित विषयों का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में यह डिप्लोमा पाठ्यक्रम विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, विधि व्यवसाय से जुड़े व्यक्तियों तथा बाल संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत अभ्यर्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी सिद्ध होगा। प्रवेश एवं अन्य विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur