Breaking News

अम्बिकापुर @ सीतापुर की घटना ने सरकार के सुशासन के दावों की खोली पोल : द्वितेंद्र मिश्र

Share


विधायक-नायब तहसीलदार विवाद को बताया प्रशासनिक विफलता का उदाहरण
अम्बिकापुर,30 मई 2026 (घटती-घटना)।
प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री द्वितेंद्र मिश्र ने सीतापुर में विधायक रामकुमार टोप्पो एवं उनके समर्थकों तथा नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच हुए विवाद को राज्य सरकार के सुशासन के दावों पर बड़ा प्रश्नचिह्न बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के विरुद्ध पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज किया जाना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है। द्वितेंद्र मिश्र ने जारी बयान में कहा कि राज्य सरकार एक ओर सुशासन तिहार का प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रही है। सीतापुर की घटना यह दर्शाती है कि न तो जनप्रतिनिधियों की सुनवाई हो रही है और न ही आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर निराकरण हो पा रहा है।
उन्होंने विधायक एवं उनके समर्थकों द्वारा कथित रूप से किए गए मारपीट के कृत्य को निंदनीय बताते हुए कहा कि कानून को अपने हाथ में लेना किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं कहा जा सकता। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर आम जनता में लंबे समय से असंतोष व्याप्त है। लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए महीनों तक कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर रहते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि नायब तहसीलदार स्वयं यह स्वीकार कर रहे हैं कि स्वास्थ्य कारणों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं के चलते कई दिनों तक नियमित कामकाज प्रभावित रहा, तो यह भी प्रशासनिक जवाबदेही का गंभीर विषय है। ऐसी परिस्थितियों में आम नागरिक स्वयं को असहाय महसूस करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में यह स्थिति बन गई है कि मंत्री, विधायक, अधिकारी और कर्मचारी सभी अपनी-अपनी समस्याओं की बात कर रहे हैं, लेकिन जनता की समस्याओं का समाधान कहीं दिखाई नहीं देता। सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग को लेकर सामने आ रही हैं, जहां पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता का अभाव महसूस किया जा रहा है।
द्वितेंद्र मिश्र ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। विकास के नाम पर केवल घोषणाएं हो रही हैं, जबकि महंगाई, किसानों की समस्याएं, श्रमिकों की परेशानियां, राशन वितरण की शिकायतें तथा बिजली-पानी-सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ गठन के बाद पहली बार ऐसी स्थिति बनी है, जब आम नागरिकों के बीच यह सवाल चर्चा का विषय बन गया है कि सरकार आखिर चला कौन रहा है और शासन की जवाबदेही किसके पास है। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शासन-प्रशासन की यही स्थिति बनी रही तो कांग्रेस पार्टी आम नागरिकों के साथ मिलकर व्यापक जनअभियान शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर “कहां है सरकार, किसे कहते हैं सुशासन” विषय पर जनजागरण अभियान चलाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।


Share

Check Also

अंबिकापुर@ नायब तहसीलदार पर महिला ने लगाए आपत्तिजनक प्रस्ताव देने के आरोप

Share सीतापुर थाने में शिकायत,मामले की जांच और कार्रवाई की मांग…अंबिकापुर,30 मई 2026 (घटती-घटना)। राजापुर …

Leave a Reply