Breaking News

सूरजपुर@112 डायल कीजिए…पुलिस अब खुद आपके दरवाजे आएगी

Share

  • सूरजपुर में पुलिस की नई पहल,गांव-गांव पहुंचकर समझा रहे डायल 112 का मतलब
  • अब थाना नहीं,पुलिस पहुंचेगी आपके पास


-संवाददाता-
सूरजपुर,30 मई 2026 (घटती-घटना)। डायल 112 सेवा के माध्यम से अब आम लोगों को आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शुरू की गई इस आधुनिक आपातकालीन सेवा के तहत सूरजपुर जिले में थाना स्तर पर 12 डायल 112 वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जो लोगों की शिकायत और जरूरत पर तुरंत मौके तक पहुंचेंगे, हालांकि सुविधा शुरू हुए अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है, लेकिन ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में अभी भी कई लोग इस सेवा से पूरी तरह परिचित नहीं हैं, यही वजह है कि सूरजपुर पुलिस अब पुलिसिंग के साथ जनजागरण भी कर रही है।
कोतवाली प्रभारी खुद संभाल रहे जागरूकता की कमान- विमलेश दुबे द्वारा लगातार गांव-गांव और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को डायल 112 सेवा की जानकारी दी जा रही है, पुलिस वाहन के माध्यम से प्रचार-प्रसार करते हुए लोगों को बताया जा रहा है कि अब किसी भी आपात स्थिति चाहे वह सड़क दुर्घटना हो, घरेलू विवाद, मारपीट, चोरी, महिला सुरक्षा या अन्य कोई परेशानी में सिर्फ 112 डायल करने पर पुलिस तुरंत सहायता के लिए पहुंचेगी, लोगों को यह भी समझाया जा रहा है कि कॉल करने के बाद लोकेशन के आधार पर नजदीकी पुलिस वाहन तुरंत रवाना किया जाएगा।
डरिए मत,कॉल कीजिए पुलिस का संदेश
पुलिस अधिकारियों द्वारा लोगों को यह भरोसा दिलाया जा रहा है कि डायल 112 केवल अपराध की सूचना देने तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी भी संकट की स्थिति में सहायता के लिए है, ग्रामीण क्षेत्रों में कई बार लोग छोटी घटनाओं में पुलिस को बुलाने से हिचकिचाते हैं,ऐसे में जागरूकता अभियान के जरिए लोगों को यह बताया जा रहा है कि यह सेवा जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए बनाई गई है।
तकनीक से तेज हुई पुलिस व्यवस्था
डायल 112 सेवा को आधुनिक तकनीक से जोड़ा गया है, कॉल प्राप्त होते ही कंट्रोल रूम से संबंधित थाना क्षेत्र की गाड़ी को सूचना दी जाती है और लोकेशन ट्रैकिंग के माध्यम से सहायता पहुंचाई जाती है, इस व्यवस्था का उद्देश्य घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया देना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना है।
गांव-गांव प्रचार,ताकि हर व्यक्ति तक पहुंचे जानकारी
सूरजपुर पुलिस द्वारा लगातार विभिन्न क्षेत्रों में 112 वाहनों को लेकर प्रचार अभियान चलाया जा रहा है, लोगों को वाहन के माध्यम से इसकी उपयोगिता,कॉल करने की प्रक्रिया और आपातकालीन सहायता के तरीके समझाए जा रहे हैं,पुलिस का कहना है कि जब तक हर नागरिक इस सुविधा के बारे में पूरी तरह जागरूक नहीं होगा, तब तक इसका वास्तविक लाभ समाज तक नहीं पहुंच पाएगा।
जनता के लिए बड़ी राहत
डायल 112 सेवा को ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, पहले जहां कई बार मदद पहुंचने में देर हो जाती थी,वहीं अब एक फोन कॉल पर पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी,सूरजपुर पुलिस की यह पहल केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि जनता और पुलिस के बीच भरोसे को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ आदिवासी कला केंद्र मैदान को व्यावसायिक परिसर में बदलने का विरोध

Share छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने राज्यपाल,मुख्यमंत्री और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन….-संवाददाता-अम्बिकापुर,31 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। …

Leave a Reply