सराफा बाजारों में पुलिस का सुरक्षा अभियान, व्यापारियों को दिए सतर्कता के जरूरी सुझाव
कोरिया,28 मई 2026 (घटती-घटना)। कोरिया पुलिस द्वारा जिले के सराफा बाजारों और प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष प्रिकॉशनरी अवेयरनेस अभियान चलाया गया, अभियान के तहत बैकुंठपुर, चरचा, पटना और सोनहत थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सराफा बाजारों, ज्वेलरी दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया, अभियान अति पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से सीधे संवाद कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
व्यापारियों से संवाद कर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक- अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ज्वेलर्स, मेटल स्टोर संचालकों और अन्य व्यापारियों से मुलाकात की,अधिकारियों ने दुकानदारों से कहा कि वे अपनी दुकानों में सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं को हमेशा सक्रिय रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, पुलिस टीम ने व्यापारियों की समस्याओं और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को भी समझा तथा भरोसा दिलाया कि पुलिस हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।
सीसीटीवी और सुरक्षा उपकरणों की जांच- निरीक्षण के दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता, रिकॉर्डिंग क्षमता और कवरेज एंगल की जांच की गई, कई व्यापारियों को कैमरों की स्थिति बेहतर करने और रिकॉर्डिंग का नियमित बैकअप सुरक्षित रखने की सलाह दी गई, इसके साथ ही पुलिस ने अलार्म सिस्टम, शटर लॉक और अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति का भी निरीक्षण किया, अधिकारियों ने कहा कि सभी सुरक्षा उपकरण हमेशा चालू और उपयोग की स्थिति में रहने चाहिए।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील- पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से अपील की कि यदि कोई अज्ञात व्यक्ति बार-बार दुकान के आसपास दिखाई दे, रेकी करता नजर आए या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तत्काल स्थानीय थाना या डायल सेवा को सूचना दें, समय पर दी गई जानकारी संभावित अपराधों को रोकने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
व्यापारियों ने की पहल की सराहना- अभियान के दौरान व्यापारियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए। इससे व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ता है और अपराधों की रोकथाम में मदद मिलती है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है और पुलिस-जनता के बेहतर समन्वय से ही बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur