Breaking News

अम्बिकापुर@लोन दिलाने के नाम पर 3 करोड़ की ठगी अनशिवआर्या फाउंडेशन का संचालक गिरफ्तार

Share


शिक्षिका से 28 लाख रुपए हड़पे,9 अन्य लोगों को भी बनाया शिकार
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 मई 2026 (घटती-घटना)। जरूरतमंद लोगों को आसान लोन दिलाने और बैंक की किस्त खुद चुकाने का झांसा देकर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने एक शिक्षिका समेत 10 लोगों को फर्जी स्कीम में फंसाकर करीब 3 करोड़ रुपए की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। डीआईजी एवं एसएसपी श्री राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में थाना गांधीनगर पुलिस द्वारा धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवशंकर दास को गिरफ्तार किया गया। आरोपी अनशिवआर्या फाउंडेशन ग्रुप कंपनी का संचालक बताया जा रहा है।
घर बनाने के लिए लेना चाहती थी लोन,ठगी का हुई शिकार : पुलिस के अनुसार सरगवां निवासी दिव्या एक्का,जो राजपुर ब्लॉक में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं, ने 12 मई 2026 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि जुलाई 2024 में जमीन खरीदकर घर बनाने के लिए लगभग 15 लाख रुपए लोन लेने की योजना बना रही थीं। इसी दौरान उनके परिचित के माध्यम से आरोपी शिवशंकर दास और उसकी कंपनी के बारे में जानकारी दी गई। पीडि़ता को भरोसा दिलाया गया कि कंपनी बैंक से आसानी से लोन दिलवाती है और एक विशेष स्कीम के तहत जितना लोन स्वीकृत होगा,उसका 60 प्रतिशत कंपनी में जमा करना होगा,जबकि 40 प्रतिशत राशि लाभार्थी को मिलेगी। साथ ही लोन की पूरी किस्त कंपनी द्वारा हर महीने जमा करने का दावा किया गया।
फर्जी स्कीम दिखाकर अलग-अलग बैंकों से कराया 41 लाख का लोन : आरोपी और उसके सहयोगियों ने पीडि़ता से व्हॉट्सऐप के माध्यम से आधार कार्ड, पैन कार्ड, फॉर्म-16, सैलरी स्लिप और बैंक स्टेटमेंट सहित अन्य दस्तावेज हासिल कर लिए। इसके बाद मनमाने तरीके से आईसीआईसीआई बैंक से 15 लाख रुपए, बैंक ऑफ इंडिया से 13.40 लाख रुपए और एचडीएफसी बैंक से 12.68 लाख रुपए का कुल 41.08 लाख रुपए का लोन स्वीकृत करा लिया। लोन की राशि खाते में आने के बाद आरोपी ने कंपनी में पैसे जमा कराने का दबाव बनाया और अलग-अलग खातों में कुल 28 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। बाद में कंपनी ने किस्त जमा करना बंद कर दिया और पीडि़ता को ठगी का एहसास हुआ।
क्रेशर व्यवसाय में नुकसान होने
पर रची ठगी की साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपी शिवशंकर दास ने बताया कि वह क्रेशर का संचालन करता है और व्यवसाय में नुकसान होने के कारण उसे पैसों की जरूरत थी। इसी वजह से उसने फर्जी स्कीम बनाकर लोगों को झांसे में लेना शुरू किया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पीडि़ता सहित 10 लोगों से करीब 3 करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी की है। पुलिस ने आरोपी शिवशंकर दास पिता राजू दास, उम्र 40 वर्ष, निवासी किशुनपुर थाना धौरपुर जिला सरगुजा को 27 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक अभिषेक दुबे, आरक्षक दीनदयाल सिंह, सुल्तान अहमद सहित थाना गांधीनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ थाने के सामने महिला अधिकारी से चेन स्नेचिंग बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,16 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं एक बार फिर सिर …

Leave a Reply