: 27.50 लाख की लागत से बनेगा बड़ा नाला व नाली…महापौर ने किया भूमिपूजन
वर्षों पुरानी जलभराव समस्या से मिलेगी राहत,वार्डवासियों ने जताई खुशी…
अम्बिकापुर,28 मई 2026 (घटती-घटना)। शहर के वार्ड क्रमांक 22 नेताजी सुभाष चंद्र बोस वार्ड में लंबे समय से लोगों की परेशानी बनी जलनिकासी समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। केनाबांध तालाब के पास बहुप्रतीक्षित बड़े नाले एवं नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन महापौर श्रीमती मंजूषा भगत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। करीब 27.50 लाख रुपए की लागत से होने वाले इस निर्माण कार्य से क्षेत्र में हर वर्ष बारिश के दौरान होने वाले जलभराव और गंदे पानी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। नगर निगम द्वारा 22 लाख रुपए की लागत से बड़े नाले और 5.50 लाख रुपए की लागत से छोटी नाली निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई है। प्रस्तावित नाले का निर्माण ऋषि पांडे के निवास से लेकर महेश चौबे के घर तक किया जाएगा। इससे क्षेत्र के कई मोहल्लों की जलनिकासी व्यवस्था सुचारु होगी और सड़कों व घरों में पानी भरने की समस्या कम होगी। भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने कहा कि नगर निगम जनता की मूलभूत समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने जलनिकासी की गंभीर समस्या से अवगत कराया था, जिसके बाद प्राथमिकता के आधार पर इस कार्य को स्वीकृति दिलाई गई। महापौर ने वार्ड पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्वेता गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर लोगों की समस्याओं को निगम प्रशासन तक पहुंचाया। एमआईसी सदस्य श्वेता गुप्ता ने बताया कि वर्षों से वार्डवासी नाला निर्माण की मांग कर रहे थे। लगातार प्रयासों और विभागीय समन्वय के बाद यह कार्य स्वीकृत हो सका है। उन्होंने कहा कि जल्द ही ठेकेदारी प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बारिश में सड़कें बन जाती थीं तालाब : स्थानीय लोगों ने बताया कि केना बांध क्षेत्र में बरसात के दिनों में सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती थीं। गंदा पानी घरों के आसपास जमा होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। कई बार आवागमन भी प्रभावित होता था। अब नाले के निर्माण से क्षेत्र में स्वच्छता और जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होगी।
विकास कार्यों से बढ़ेगी क्षेत्र की उपयोगिता : स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने कहा कि नाला-नाली निर्माण से न केवल जलभराव की समस्या दूर होगी, बल्कि सड़क और आवासीय क्षेत्रों की स्थिति भी बेहतर होगी। इससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और संपत्तियों के मूल्य में भी वृद्धि होने की संभावना है। भूमिपूजन कार्यक्रम में सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, पीडब्ल्यूडी प्रभारी मनीष सिंह, जलप्रदाय प्रभारी जितेंद्र सोनी, महिला एवं बाल विकास प्रभारी प्रियंका गुप्ता, पार्षद विकास पांडेय, शैलेंद्र सिंह, भाजपा नेता आकाश गुप्ता, कौशलेंद्र पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, नगर निगम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur