Breaking News

राजपुर@गंगा दशहरा पर माँ महामाया सरोवर में सजी आस्था की अलौकिक छटा

Share


दीपों की रोशनी और गंगा आरती से भक्तिमय हुआ राजपुर नगर

-संवाददाता-
राजपुर,27 मई 2026 (घटती-घटना)। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर राजपुर नगर स्थित माँ महामाया गंगा दशहरा सरोवर में मंगलवार शाम भव्य गंगा आरती एवं दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साप्ताहिक बाजार स्थल के समीप आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने माँ गंगा का स्मरण कर विधिवत पूजन-अर्चन किया तथा दीपदान कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। कार्यक्रम का आयोजन वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद विश्वास गुप्ता एवं नगरवासियों के सहयोग से किया गया। शाम 7 बजे शुरू हुए आयोजन में पूरा सरोवर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। दीपों से सजे सरोवर का मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। महिलाओं,युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धार्मिक परंपरा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। गंगा आरती माँ महामाया मंदिर के पुजारी राघवेंद्र पांडे एवं नगर के प्रसिद्ध पुजारी विराट महाराज द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई गई। आरती के दौरान ‘हर-हर गंगे’ और ‘जय माँ गंगे’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने सरोवर में दीप प्रवाहित कर परिवार एवं नगर की खुशहाली की प्रार्थना की। हालांकि कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत द्वारा लगाई गई कुछ लाइटें फ्यूज हो जाने से परिसर के कुछ हिस्सों में अंधेरा छा गया,लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। लोगों ने दीपों की रोशनी में ही आरती और पूजन जारी रखा।
दीपों से जगमगाते सरोवर ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष जय गोपाल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर युवा एवं महिला सेवा समिति, राजपुर (महुआपारा) की ओर से सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में सहभागिता बनाए रखने की अपील की गई।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ 04 जून को होगी प्री. डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा

Share जिले में 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए 11841 अभ्यर्थी होंगे परीक्षा में शामिलअम्बिकापुर,27 मई …

Leave a Reply