Breaking News

अम्बिकापुर@शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Share


8 माह तक फरार रहा आरोपी रांची से पकड़ा गया,पीडि़ता से 2 लाख रुपए ठगने का भी आरोप

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 मई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को झारखंड के रांची से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे तकनीकी विश्लेषण और साइबर सेल की मदद से पकड़ा गया। पुलिस महानिरीक्षक एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों के आरोपियों की लगातार धरपकड़ की जा रही है। इसी क्रम में थाना गांधीनगर पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में आरोपी अजय कुमार कंवर निवासी पुछेली,बम्हनीडीह जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। पुलिस के अनुसार पीडि़ता ने सितंबर 2025 में थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने स्वयं को अविवाहित बताकर उसके किराये के मकान में रहना शुरू किया। इस दौरान नवंबर 2024 से सितंबर 2025 तक आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में पीडि़ता को जानकारी हुई कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता भी है। आरोप है कि आरोपी ने पीडि़ता को नौकरी से निलंबित होने की बात कहकर उसकी जमा पूंजी से करीब 2 लाख रुपए भी एटीएम के माध्यम से निकाल लिए। पीडि़ता के गर्भवती होने पर आरोपी ने शादी से साफ इंकार कर दिया, जिसके बाद पीडि़ता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने पीडि़ता एवं गवाहों के बयान दर्ज किए, मेडिकल परीक्षण कराया तथा अन्य साक्ष्य जुटाए। आरोपी लगातार फरार चल रहा था। करीब 8 माह तक तलाश के बाद साइबर सेल की मदद से पुलिस को आरोपी के रांची में छिपे होने की सूचना मिली।
इसके बाद थाना गांधीनगर की टीम तत्काल रांची रवाना हुई और आरोपी को हिरासत में लेकर अंबिकापुर लाई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। मेडिकल परीक्षण एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया,जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक धनंजय पाठक सहित थाना गांधीनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ आदिवासी कला केंद्र मैदान को व्यावसायिक परिसर में बदलने का विरोध

Share छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने राज्यपाल,मुख्यमंत्री और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन….-संवाददाता-अम्बिकापुर,31 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। …

Leave a Reply