ग्रामीणों की चेतावनी-वादा पूरा नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन
राजपुर/बरियों ,26 मई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के राजपुर ब्लॉक अंतर्गत बरियों क्षेत्र से गुजर रही निर्माणाधीन एनएच-343 सड़क में उड़ती धूल और निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार को लेकर ग्रामीणों और व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही थी। बघिमा, बरियों,चारपारा और ककना सहित आसपास के गांवों के लोगों ने 27 मई को बरियों में चक्काजाम करने की चेतावनी दी थी,लेकिन प्रशासन और एनएच विभाग के आश्वासन के बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया। मंगलवार को प्रशासन,एनएच विभाग और ग्रामीणों के बीच अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजपुर, तहसीलदार बरियों,पुलिस चौकी प्रभारी बरियों, एनएच-343 के एसडीओ, साइड इंजीनियर और प्रोजेक्ट मैनेजर मौजूद रहे। वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय व्यापारी भी शामिल हुए। ग्रामीणों ने बैठक में सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही, धूल प्रदूषण और नियमित पानी छिड़काव नहीं होने की समस्या को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों का कहना था कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण पूरे क्षेत्र में दिनभर धूल का गुबार बना रहता है, जिससे घरों, दुकानों और स्कूलों में रहना मुश्किल हो गया है। धूल के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने भी बताया कि धूल के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई शिकायतों के बावजूद निर्माण एजेंसी द्वारा नियमित पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है।
नियमित पानी छिड़काव का दिया आश्वासन : ग्रामीणों और व्यापारियों के कड़े रुख को देखते हुए प्रशासन एवं एनएच विभाग के अधिकारियों ने निर्माणाधीन सड़क पर नियमित पानी छिड़काव कराने और सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद 27 मई को प्रस्तावित चक्काजाम को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
वादा पूरा नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन : हालांकि ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन पर अमल नहीं हुआ और धूल नियंत्रण की व्यवस्था नियमित नहीं की गई,तो आने वाले समय में बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन आम लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों ने मांग की कि सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा और पर्यावरण संबंधी सभी नियमों का पालन कराया जाए । और निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी भी प्रशासन द्वारा की जाए। बैठक में मुख्य रूप से जितेंद्र जायसवाल, बृजेश मिश्रा, मुकेश गुप्ता, संजय अग्रवाल, अजय अग्रवाल, सुनील जायसवाल, राकेश केशरी, सुरेश तिर्की, मुरारी श्रीवास्तव, वीरेंद्र श्रीवास्तव, अशोक सोनी, आशीष श्रीवास्तव, सुदर्शन, सुभाष जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur