Breaking News

कोरिया@ जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं विकास की दो बड़ी मांगें

Share


बायपास सड़क और सिंचाई योजना को लेकर सौंपा मांग पत्र
कोरिया,26 मई 2026 (घटती-घटना)।
सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम कुशहा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विष्णु देव साय के समक्ष मोहित राम पैकरा ने जिले के विकास से जुड़ी दो महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा सौंपे गए मांगपत्र में सड़क और सिंचाई व्यवस्था को लेकर प्रस्ताव शामिल किए गए, जिनकी अब क्षेत्रभर में चर्चा हो रही है।
जमगहना से पोड़ी-बचरा मार्ग तक बायपास सड़क की मांग- मांगपत्र में प्रमुख रूप से जमगहना राष्ट्रीय राज्यमार्ग से डबरीपारा,कसरा, आमापारा और चारपारा होते हुए पोड़ी-बचरा मुख्य मार्ग तक बायपास सड़क निर्माण की मांग की गई है, प्रस्तावित सड़क बनने से क्षेत्र के कई गांव सीधे मुख्य मार्ग से जुड़ जाएंगे,इससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और शिक्षा,स्वास्थ्य तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में कई गांवों के लोगों को मुख्य सड़क तक पहुंचने में लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, बारिश के दिनों में परेशानी और बढ़ जाती है, ऐसे में बायपास सड़क क्षेत्र के विकास के लिए अहम साबित हो सकती है।
दुल्हीधार व्यपवर्तन योजना से किसानों को मिलेगा लाभ
जिला पंचायत अध्यक्ष ने दूसरी महत्वपूर्ण मांग दुल्हीधार व्यपवर्तन योजना की स्वीकृति को लेकर रखी,प्रस्तावित योजना के लागू होने से लगभग 850 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित हो सकेगी,इससे क्षेत्र के किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा और कृषि उत्पादन में वृद्धि होने की संभावना है,किसानों का मानना है कि सिंचाई सुविधा बेहतर होने से फसलों की पैदावार बढ़ेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी, लंबे समय से इस योजना की मांग की जा रही थी।
क्षेत्र में हो रही पहल की सराहना
मुख्यमंत्री के समक्ष इन दोनों मांगों को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मोहित राम पैकरा की पहल की सराहना की है, लोगों का कहना है कि यह मांगें केवल सड़क और सिंचाई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के दीर्घकालीन विकास से जुड़ी हुई हैं, अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री स्तर पर मामला पहुंचने के बाद इन योजनाओं को स्वीकृति मिलने की प्रक्रिया तेज होगी और आने वाले समय में क्षेत्र को इसका सीधा लाभ मिलेगा।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@पूर्व सैनिकों का किया गया सम्मान…

Share पूर्व सैनिकों एवं सैनिक परिवारों के कल्याण संबंधी विषयों पर हुई चर्चा अम्बिकापुर,26 मई …

Leave a Reply