संत सुरक्षा और रीवा घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग
अम्बिकापुर,25 मई 2026 (घटती-घटना)। रीवा (मध्यप्रदेश) में विहाररत आर्यिका माताजी एवं संघ के साथ हुई दुःखद घटना को लेकर अंबिकापुर के समस्त जैन समाज ने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से जैन समाज ने घटना की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने तथा देशभर में विहाररत साधु-संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। जैन समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि रीवा में हुई घटना ने पूरे समाज को गहरे दुःख और चिंता में डाल दिया है। समाज का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों और वीडियो क्लिपों के आधार पर मामले की पारदर्शी जांच आवश्यक है। ज्ञापन में मांग की गई है कि इस प्रकरण की SIT अथवा न्यायिक जांच कराई जाए तथा घटना से जुड़े सभी सीसीटीव्ही फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए। साथ ही दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जैन साधु-संत पूर्णतःअहिंसक,निहत्थे एवं पैदल विहार करने वाले तपस्वी होते हैं,जो समाज को शांति, संयम और अहिंसा का संदेश देते हैं। ऐसे में उनके साथ लगातार बढ़ती दुर्घटनाएं और हमले गंभीर चिंता का विषय हैं। जैन समाज ने विहाररत संतों की सुरक्षा के लिए ‘संत सुरक्षा प्रोटोकॉल’ लागू करने की मांग भी की। इसके अंतर्गत विहार मार्गों पर प्रशासनिक समन्वय,संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस सहयोग,ट्रैफिक नियंत्रण, चेतावनी संकेतक एवं हाईवे क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई। इसके अलावा भारत सरकार से ‘राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति’बनाने, संतों के विरुद्ध अपराधों को विशेष संवेदनशील श्रेणी में रखने तथा स्थानीय स्तर पर ‘संत सुरक्षा समन्वय प्रकोष्ठ’ एवं आपात कालीन संपर्क व्यवस्था स्थापित करने की मांग की गई। जैन समाज ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का तनाव उत्पन्न करना नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना और तपस्वी संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। समाज ने प्रशासन से इस संवेदनशील विषय पर त्वरित एवं प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा जताई। ज्ञापन सौंपने के दौरान जैन समाज के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur