Breaking News

अम्बिकापुर@दो सडक हादसों में 6 की मौत,ट्रैक्टर चालक घायलों को छोड़ इंजन लेकर फरार

Share


बलरामपुर में 4 युवकों की गई जान,लखनपुर में कार की टक्कर से चाचा-भतीजा की मौत


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 मई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर और सरगुजा जिले में रविवार को हुए दो अलग-अलग सडक हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। बलरामपुर जिले के सनावल रोड स्थित पीपरपान गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार 4 युवकों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक युवकों को करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। इसके बाद घायलों को सडक पर छोड़ ट्रॉली से इंजन निकालकर फरार हो गया। वहीं सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजा की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सनावल निवासी रमेश पण्डो (19),मनोज पण्डो (21), नरेश पण्डो (19) और राकेश पण्डो (17) रविवार शाम डंडो बाजार से एक ही बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे। शाम करीब 6.30 बजे पीपरपान गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर चालक प्रेमचंद यादव बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटते ले गया। हादसे के बाद चालक ने वाहन में फंसे युवकों को सडक पर छोड़ दिया और उन्हें अस्पताल पहुंचाने के बजाय ट्रॉली से इंजन निकालकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की मदद से चारों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों के परिजनों ने ट्रैक्टर चालक पर अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि चालक समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचाता तो किसी की जान बच सकती थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि चालक इंजन को अपने ससुराल बगरा में छिपाकर फरार हो गया है। मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
लखनपुर में कार की टक्कर से चाचा-भतीजा की मौत
इधर,दरिमा थाना क्षेत्र के महुआटिकरा निवासी रामकुमार सिंह (65) अपने भतीजे जय सिंह के साथ रिश्तेदारी में आयोजित प्रीतिभोज से लौट रहे थे। रात करीब 9.30 बजे लखनपुर थाना क्षेत्र के जजगा गांव स्थित रमपुरहीन माता मंदिर के पास पीछे से आ रही कार क्रमांक सीजी 11 बीटी 7498 ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और कार दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। गंभीर रूप से घायल चाचा-भतीजा को स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
तेज रफ्तार और लापरवाही बन रही हादसों की वजह
अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर लगातार सडक हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगहों पर गति नियंत्रक और चेतावनी संकेत नहीं होने से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही हादसों का प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ पीटीएस मैनपाट में 83 नवआरक्षकों का दीक्षांत समारोह संपन्न

Share आईजी दीपक कुमार झा ने ली परेड की सलामी,कर्तव्यनिष्ठा का दिलाया संकल्पअम्बिकापुर,25 मई 2026 …

Leave a Reply