-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 मई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले में अलग-अलग सडक हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। सभी घायलों को इलाज के लिए मिशन अस्पताल और मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था,जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के भालू मोड़ की है। ग्राम बटवाही रघुनाथपुर निवासी 61 वर्षीय लाल मोहम्मद अंसारी 23 मई को बाइक से लुण्ड्रा तहसील जा रहे थे। इसी दौरान भालू मोड़ के पास एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दूसरी घटना लुण्ड्रा रोड की है। बटवाही चौकी रघुनाथनगर निवासी 27 वर्षीय दिल्लू नागेश मजदूरी का काम करता था। वह 23 मई को पैदल रघुनाथपुर से बटवाही जा रहा था। इसी दौरान लुण्ड्रा रोड पर एक कार ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे रघुनाथपुर अस्पताल ले जाया गया,जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। तीसरी घटना लुण्ड्रा क्षेत्र की है। बरगीडीह निवासी 28 वर्षीय रोहित राम पैकरा 23 मई को बाइक से पत्नी और बच्चे को छोडऩे ससुराल परसा गया था। वहां से लौटते समय रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल रोहित को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था,जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur