Breaking News

अम्बिकापुर@सरगुजा पुलिस का बड़ा अभियान…17 साल से फरार महिला वारंटी गिरफ्तार, 77 वारंट तामील

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 मई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 57 स्थाई वारंटी और 20 गिरफ्तारी वारंट तामील करते हुए 77 आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
वर्चुअल मीटिंग में
दिए गए सख्त निर्देश

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में कई ऐसे वारंटी थे जो वर्षों से फरार चल रहे थे और न्यायालय में पेश नहीं हो रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की वर्चुअल बैठक ली और लंबित स्थाई वारंट एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों का गठन कर अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार दबिश दी गई।
अलग-अलग
थानों ने की कार्रवाई

अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने सबसे अधिक 16 वारंट तामील किए। वहीं थाना गांधीनगर द्वारा 13,थाना लुंड्रा द्वारा 8,थाना लखनपुर द्वारा 6, थाना सीतापुर द्वारा 4,थाना मणिपुर द्वारा 3,थाना उदयपुर द्वारा 3,थाना धौरपुर द्वारा 2 तथा चौकी रघुनाथपुर द्वारा 1 वारंट तामील किया गया।
17 साल से फरार महिला वारंटी गिरफ्तार
इस अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कार्रवाई महिला थाना पुलिस ने की,जहां वर्ष 2009 से फरार चल रही एक महिला स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब 17 वर्षों से लगातार फरार थी और गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रही थी। लगातार निगरानी और मुखबिर सूचना के आधार पर महिला थाना टीम ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
बायोमेट्रिक्स और
फिंगरप्रिंट भी लिए गए

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल लंबित वारंटों की तामीली करना ही नहीं, बल्कि अपराधियों में कानून का भय कायम करना भी है। पुलिस ने गिरफ्तार सभी वारंटियों को न्यायालय में पेश किया है। इसके साथ ही सभी स्थाई वारंटियों के फिंगरप्रिंट और बायोमेट्रिक्स स्कैन भी किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इससे भविष्य में यदि कोई वारंटी किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया जाता है तो उसकी पहचान कर त्वरित कार्रवाई करना आसान होगा।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा तथा न्यायालय से बचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@अलग-अलग सडक हादसों में तीन की मौत,मिशन व मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,24 मई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले में अलग-अलग सडक हादसों में तीन लोगों की …

Leave a Reply