Breaking News
filter: 0; jpegRotation: 0; fileterIntensity: 0.000000; filterMask: 0;

अम्बिकापुर@आग उगलती धूप और गर्म हवाओं के कारण घर से निकलना मुश्किल,तापमान 42 डिग्री

Share


नौतपा की शुरुआत के साथ बढ़ेगी और तपिश,सुबह 10 बजे बाद सड़कों पर पसरा सन्नाटा

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 मई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। सुबह 10 बजे के बाद ही आग उगलती धूप और गर्म हवाओं के कारण घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार से नौतपा की शुरुआत हो रही है, ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिक एसके मंडल ने बताया कि पश्चिम दिशा से लगातार गर्म हवाओं का प्रवाह बना हुआ है। राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाओं के कारण सरगुजा संभाग में लू जैसी स्थिति निर्मित हो गई है। अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है।
बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित : भीषण गर्मी का असर आम जनजीवन के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ने लगा है। खासकर बच्चे और बुजुर्ग लू की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन 4 से 5 बच्चे उल्टी-दस्त की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि तेज गर्मी और दूषित खानपान के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। सरगुजा संभाग में सुबह से लेकर शाम तक गर्म हवाओं के थपेड़े महसूस किए जा रहे हैं। शाम 6 बजे तक गर्म हवा चलने से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। पंखे और कूलर भी गर्म हवा फेंक रहे हैं। गर्मी से बचने के लिए लोग सिर और चेहरे को गमछा, स्कार्फ या कपड़े से ढंककर घर से बाहर निकल रहे हैं।
डॉक्टरों की सलाह, ज्यादा पानी पिएं : चिकित्सकों ने लोगों को गर्मी और लू से बचने के लिए अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने की सलाह दी है। साथ ही तला-भुना और बासी भोजन खाने से बचने को कहा गया है। दोपहर में जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।
आज से शुरू हुआ नौतपा : हिंदू पंचांग के अनुसार नौतपा 25 मई से 2 जून तक रहेगा। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से इस दौरान सूर्य की किरणें उत्तरी गोलार्ध में अधिक प्रभावी हो जाती हैं। सूर्य की स्थिति कर्क रेखा के समीप पहुंचने से तापमान में तेजी से वृद्धि होती है। यही वजह है कि नौतपा के दौरान भीषण गर्मी, लू, गर्म हवाएं, आंधी और बवंडर जैसी स्थितियां बनती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार नौतपा के दौरान गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@अलग-अलग सडक हादसों में तीन की मौत,मिशन व मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,24 मई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले में अलग-अलग सडक हादसों में तीन लोगों की …

Leave a Reply