Breaking News

अंबिकापुर@विरोध के बाद चमकीं अंबिकापुर की सड़कें, NH-43 पर शुरू हुआ डामरीकरण

Share

अंबिकापुर@महापौर की चेतावनी और कांग्रेस के चक्काजाम के बाद हरकत में आया प्रशासन, स्कूल रोड के गड्ढों से मिलेगी राहत

अंबिकापुर,23 मई 2026 (घटती-घटना)। शहर के बीच से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-43 की बदहाल सड़कों को लेकर लंबे समय से उठ रहे विरोध के बाद आखिरकार प्रशासन और नेशनल हाईवे विभाग हरकत में आ गया है। शनिवार सुबह से महामाया चौक से स्कूल रोड होते हुए रामानुजगंज रोड तक सड़क मरम्मत और डामरीकरण का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।
दरअसल, अंबिकापुर नगर निगम सीमा के भीतर आने वाली मुख्य सड़कें पिछले कई महीनों से गड्ढों में तब्दील हो चुकी थीं। जगह-जगह उखड़ी डामर और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार हादसे भी हो चुके थे, जिससे लोगों में भारी नाराजगी थी।
महापौर के तेवर और कांग्रेस के चक्काजाम के बाद बढ़ा दबाव
शहर की जर्जर सड़कों को लेकर हाल ही में महापौर ने अधिकारियों पर खुलकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने यहां तक कह दिया था कि अफसर अब मंत्रियों और सांसदों के निर्देशों को भी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, इसलिए उन्हें “उग्र रूप” दिखाना पड़ रहा है।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने भी शुक्रवार को सड़क, बिजली और सफाई व्यवस्था को लेकर जोरदार चक्काजाम आंदोलन किया था। शहर के मुख्य मुद्दों को लेकर हुए इस प्रदर्शन के बाद प्रशासन और विभागीय अधिकारियों पर चौतरफा दबाव बढ़ गया था।
स्कूल रोड के गड्ढों से लोग थे परेशान
विशेष रूप से स्कूल रोड की हालत सबसे ज्यादा खराब थी। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण रोजाना स्कूली बच्चे, बाइक सवार और आम नागरिक परेशान हो रहे थे। कई जगह डामर पूरी तरह उखड़ चुकी थी और बारिश से पहले हालात और बिगड़ने की आशंका थी।
लोक निर्माण विभाग द्वारा महामाया चौक से सोनपुर तक विशेष मरम्मत के लिए पहले ही प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी थी, लेकिन ठेकेदार और विभागीय विवादों के चलते काम शुरू नहीं हो पा रहा था।
अब तेजी से बिछ रही डामर की नई परत
शनिवार से शुरू हुए कार्य में पहले सड़क के गड्ढों और कमजोर हिस्सों को भरकर बेस मजबूत किया जा रहा है। इसके बाद आधुनिक मशीनों के जरिए नई डामर की परत बिछाई जा रही है। महामाया चौक, स्कूल रोड और रामानुजगंज रोड के प्रमुख हिस्सों में काम तेजी से जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी गति से काम चलता रहा तो आने वाले दिनों में शहर की यातायात व्यवस्था काफी हद तक सुधर जाएगी।
70 लाख का भुगतान अटका, इसलिए रुका था काम
नेशनल हाईवे विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित ठेकेदार ने पहले चरण में सोनपुर से रामानुजगंज नाके तक डामरीकरण और पेंच रिपेयरिंग का काम पूरा कर लिया था। इसके एवज में करीब 70 लाख रुपए का बिल विभाग को भेजा गया था, लेकिन भुगतान में देरी के कारण ठेकेदार ने आगे का काम रोक दिया था।
भुगतान नहीं मिलने से नाराज ठेकेदार ने रामानुजगंज नाके से महामाया चौक तक का दूसरा चरण अधूरा छोड़ दिया था, जिससे शहर की मुख्य सड़कें बदहाल होती चली गईं।
मंत्री और सांसद के हस्तक्षेप के बाद बनी सहमति
मामला बढ़ने के बाद स्थानीय मंत्री राजेश अग्रवाल और सांसद चिंतामणि महाराज ने सीधे हस्तक्षेप किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने नेशनल हाईवे अधिकारियों और ठेकेदार के साथ बैठक कर बकाया भुगतान जल्द कराने और आगे की राशि समय पर जारी करने का आश्वासन दिया।
इसके बाद ठेकेदार दोबारा काम शुरू करने के लिए तैयार हुआ और अब सड़क निर्माण कार्य गति पकड़ चुका है।
कांग्रेस ने कहा- यह जनता के दबाव की जीत
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता शफी अहमद ने सड़क निर्माण शुरू होने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी थीं और जनता की परेशानियों को देखते हुए कांग्रेस को सड़क पर उतरना पड़ा।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि केंद्र, राज्य और नगर निगम में “ट्रिपल इंजन” सरकार होने के बावजूद लोगों को अच्छी सड़क के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सड़क के साथ-साथ शहर की सफाई और बिजली व्यवस्था में भी तत्काल सुधार किया जाए।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@कीटनाशक सेवन 14 वर्षीय बेटा की मौत

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,23 मई 2026 (घटती-घटना)। मामूली सी बात पर बेटा को डांटना पिता के लिए …

Leave a Reply