- परसापारा में पेयजल संकट खत्म,ग्रामीणों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
- मीडिया की पहल के बाद हरकत में आया विभाग, नया मोटर लगते ही शुरू हुई पानी की सप्लाई
-सोनू कश्यप-
प्रतापपुर,22 मई 2026 (घटती-घटना)। जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरा के आश्रित ग्राम परसापारा में पिछले दो महीनों से गहराया पेयजल संकट आखिरकार समाप्त हो गया। लंबे समय से बंद पड़े सोलर पेयजल पंप को विभाग ने सुधारते हुए उसमें नया मोटर स्थापित कर दिया है। मोटर लगने के साथ ही गांव में दोबारा पानी की सप्लाई शुरू हो गई,जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। खासकर महिलाओं,बुजुर्गों और बच्चों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है,जो बीते कई सप्ताहों से पानी की समस्या से सबसे ज्यादा परेशान थे। ग्रामीणों के अनुसार गांव में लगा सोलर पेयजल पंप करीब दो महीने पहले मोटर खराब होने के कारण बंद हो गया था। शुरुआत में लोगों को उम्मीद थी कि विभाग जल्द ही समस्या का समाधान कर देगा, लेकिन दिन बीतते गए और स्थिति लगातार गंभीर होती चली गई। गांव के लोगों को पीने के पानी के लिए दूर-दराज के हैंडपंपों और जलस्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा था। महिलाओं को सुबह-शाम कई किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ता था,जबकि बुजुर्ग और छोटे बच्चे भी इस समस्या से प्रभावित हो रहे थे। स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि कई परिवार मजबूरी में तालाब और अन्य असुरक्षित जलस्रोतों का पानी उपयोग करने लगे थे। इससे ग्रामीणों में जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा था। गर्मी के मौसम में पानी की समस्या ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित कर दी थी।
शिकायतें होती रहीं,
लेकिन नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग एवं अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। लगातार शिकायतों के बावजूद सोलर पंप की मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। ग्रामीणों का आरोप था कि जिम्मेदार विभाग मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा था।
घटती-घटना ने उठाई आवाज,
तब हरकत में आया विभाग…
इसके बाद स्थानीय पत्रकार सोनू कश्यप एवं अन्य प्रिंट मीडिया पत्रकारों ने ग्रामीणों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। समाचार प्रकाशित होने के बाद मामला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों तक गंभीरता से पहुंचा। खबर का असर यह हुआ कि विभाग तत्काल हरकत में आया और खराब पड़े सोलर पंप में नया मोटर लगाकर पेयजल व्यवस्था बहाल कर दी गई।
पानी शुरू होते ही गांव में खुशी का माहौल
सोलर पंप चालू होने के बाद गांव में फिर से नियमित पानी की सप्लाई शुरू हो गई है। पेयजल संकट खत्म होने के बाद ग्रामीणों ने राहत महसूस की और मीडिया के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि जब उनकी समस्याओं को कोई सुनने वाला नहीं था, तब मीडिया ने उनकी आवाज बनकर प्रशासन तक बात पहुंचाई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान कर दिया जाता तो उन्हें दो महीने तक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए,ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक परेशान न होना पड़े।
ग्रामीणों ने कहा…‘मीडिया ने दिलाई राहत
ग्रामीणों ने कहा कि गांव के गरीब और जरूरतमंद लोगों की समस्याएं अक्सर अनदेखी रह जाती हैं, लेकिन इस मामले में मीडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लोगों ने पत्रकारों की सराहना करते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों को लगातार उठाए जाने से ही विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी और गांव में दोबारा पेयजल व्यवस्था बहाल हो सकी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur