संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 मई 2026 (घटती-घटना)। सद्भावना ग्राम तकिया उर्स शरीफ 2026 के अवसर पर आयोजित भव्य कव्वाली कार्यक्रम में सूफियाना रंग जम गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. सलीम राज ने किया। देर रात तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जायरीन और शहरवासी शामिल हुए। डॉ. सलीम राज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले उर्स कार्यक्रमों में तकिया मजार शरीफ का विशेष महत्व है। यह आयोजन हिन्दू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है, जहां सभी धर्म और समाज के लोग एक साथ शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने अंजुमन कमेटी को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए प्रदेश और देश में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी। कार्यक्रम में सरगुजा जिले के उन स्कूली विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टॉप स्थान हासिल किया। मुंबई के मशहूर कव्वाल मुज्तबा अजीज नाजा और सोलापुर की कव्वाल छोटी तमन्ना ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अजीज नाजा ने मोहब्बत,इंसानियत,सामाजिक सौहार्द और देशभक्ति से ओतप्रोत कव्वालियां पेश कर खूब तालियां बटोरीं।
अतिथियों ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज में भाईचारे, प्रेम और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में शासकीय अधिवक्ता विनोद दूबे, फैजान सरवर, फैजान अहमद सीबू,एजाज भाई,बसित अली,हाजी इकबाल,शायर अतुल अजनबी,रूबी सिद्दीकी,सलाउद्दीन सिद्दीकी,नौशाद सिद्दीकी, सफदर अली,फजल हक,याकूब खान,जावेद खान,रिजवान सिद्दीकी,अफजला अंसारी, अब्दुल लतीफ,सादाब रिजवी,रकीब अंसारी,सिकंदर खान,अनिक खान,इरफान खान, शाहिद खान और सिराजुल अंसारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंजुमन कमेटी के अध्यक्ष इरफान सिद्दीकी और परवेज आलम गांधी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur