Breaking News

अम्बिकापुर@शराब के नशे में पत्नी की पिटाई,अंदरूनी चोट से मौत

Share


पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि,आरोपी पति गिरफ्तार

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 मई 2026 (घटती-घटना)। शहर के ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाली महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मारपीट से लगी अंदरूनी चोट के कारण मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी पति ने शराब के नशे में पत्नी की पिटाई करना स्वीकार किया है। जानकारी के अनुसार सीतापुर क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय सुखमनिया चिकवा अपने पति जमुना चिकवा और दो मासूम बच्चों के साथ ट्रांसपोर्टनगर के कदमपारा स्थित एक किराए के मकान में रहती थी। उसका पति हमाली का काम करता है। सोमवार रात पति-पत्नी ने साथ में शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में पति ने डंडे से पत्नी की पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद दोनों सो गए। मंगलवार सुबह पति काम के लिए बलरामपुर जिले के कुसमी चला गया। सुबह करीब 9 बजे तक जब महिला कमरे से बाहर नहीं निकली तो मकान मालकिन और पड़ोसी वहां पहुंचे। कमरे के अंदर महिला की औंधे मुंह अर्धनग्न हालत में लाश पड़ी थी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पीएम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज : सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर के अंदर गंभीर चोट मिलने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने पति जमुना चिकवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार महिला के शरीर पर बाहरी चोट के निशान ज्यादा नहीं थे। मारपीट के बाद दोनों सो गए थे। सुबह करीब 4 बजे पति काम पर निकल गया था। उसे पत्नी की मौत की जानकारी बाद में पुलिस से मिली।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@अंबिकापुर में हत्या का सनसनीखेज मामला…24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

Share अम्बिकापुर,20 मई 2026 (घटती-घटना)। शहर के मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर में हुई …

Leave a Reply