Breaking News

अम्बिकापुर@ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ सरगुजा के केमिस्ट एकजुट

Share


मेडिकल दुकानें बंद,शहर में निकाली बाइक रैली,सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 मई 2026 (घटती-घटना)। ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री के विरोध में बुधवार को सरगुजा संभाग के दवा कारोबारियों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (एआईओसीडी) के आह्वान पर अंबिकापुर सहित पूरे संभाग की मेडिकल दुकानें बंद रहीं। दवा व्यापारियों ने इसे केवल व्यवसाय का नहीं, बल्कि जन-स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया। सरगुजा औषधि विक्रेता संघ के नेतृत्व में शहर के अग्रसेन चौक से बाइक व स्कूटी रैली निकाली गई। रैली जयस्तंभ चौक,महामाया चौक,संगम चौक,देवीगंज रोड होते हुए घड़ी चौक पहुंची। इस दौरान केमिस्टों ने ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार से इस व्यवस्था पर सख्त नियंत्रण लगाने की मांग की। दवा व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बिना पर्याप्त निगरानी के दवाइयों की बिक्री हो रही है, जो आने वाले समय में बड़ा स्वास्थ्य संकट खड़ा कर सकती है। उनका आरोप है कि ऑनलाइन खरीदी जा रही दवाओं की गुणवत्ता, भंडारण और वास्तविक स्रोत की विश्वसनीय जांच नहीं हो पा रही है। इससे नकली, एक्सपायरी अथवा गलत दवाइयों के उपयोग का खतरा बढ़ रहा है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि दवा कोई सामान्य वस्तु नहीं है जिसे बिना चिकित्सकीय सलाह और उचित निगरानी के खरीदा-बेचा जाए। उन्होंने चिंता जताई कि ऑनलाइन माध्यमों से प्रतिबंधित और नशीली दवाओं की पहुंच भी आसान हो रही है, जिससे युवाओं में दुरुपयोग की आशंका बढ़ रही है।
सेहत से समझौता स्वीकार नहीं
रैली के दौरान दवा कारोबारियों ने कहा कि लोग कपड़े, मोबाइल या अन्य सामान ऑनलाइन खरीद सकते हैं,लेकिन दवा सीधे लोगों की जिंदगी और स्वास्थ्य से जुड़ी होती है। ऐसे में इसकी बिक्री पर सख्त नियम और जवाबदेही जरूरी है। संघ के अनुसार वर्तमान व्यवस्था में ऑनलाइन कंपनियां भारी छूट देकर ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं, जबकि स्थानीय मेडिकल संचालकों को कड़े नियमों का पालन करना पड़ता है। इससे पारंपरिक मेडिकल व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।
सरकार को दी आंदोलन
तेज करने की चेतावनी
सरगुजा औषधि विक्रेता संघ ने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार ने ऑनलाइन दवाओं की अनियंत्रित बिक्री पर ठोस कदम नहीं उठाया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा। संघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी है। व्यापारियों का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल अपने व्यवसाय को बचाना नहीं,बल्कि लोगों को सुरक्षित और प्रमाणित दवाइयां उपलब्ध कराना है। उन्होंने सरकार से ऑनलाइन दवा कंपनियों के लिए कड़े नियम लागू करने और निगरानी तंत्र मजबूत करने की मांग की।
मरीजों को राहत देने वैकल्पिक व्यवस्था
मेडिकल दुकानें बंद रहने का असर शहर और आसपास के मरीजों पर भी दिखाई दिया। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर जरूरी दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए कुछ वैकल्पिक केंद्र खुले रखे गए थे। आपातकालीन स्थिति को देखते हुए शासकीय अस्पतालों के दवा केंद्र, जनऔषधि केंद्र,धन्वंतरी मेडिकल स्टोर तथा अन्य जरूरी औषधि केंद्रों से मरीजों को दवाइयां उपलब्ध कराई गईं,ताकि उपचार प्रभावित न हो।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@शराब के नशे में पत्नी की पिटाई,अंदरूनी चोट से मौत

Share पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि,आरोपी पति गिरफ्तार -संवाददाता-अम्बिकापुर,20 मई 2026 (घटती-घटना)। शहर के …

Leave a Reply