Breaking News

अम्बिकापुर@आये दिन बिजली कटौती से आमजन हलाकान,कोई सुनने वाला नहीं-बेलगाम हो गया है बिजली विभाग : दीपक गर्ग

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 मई 2026 (घटती-घटना)। भीषण गर्मी के बीच शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर आमजन में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसी बीच भाजपा नेता दीपक गर्ग ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लगातार हो रही अघोषित कटौती से जनता त्रस्त हो चुकी है,लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे। दीपक गर्ग ने कहा कि दिन हो या रात, बिना सूचना बिजली बंद कर दी जाती है। छोटे व्यापारी,छात्र,मरीज और आम परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। गर्मी के इस मौसम में लोगों को पीने के पानी तक की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इन्वर्टर जवाब दे चुके हैं और लोग रातभर जागने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग पूरी तरह बेलगाम हो चुका है। शिकायत करने पर उपभोक्ताओं को संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। कई बार फोन तक रिसीव नहीं किए जाते। आम जनता खुद को ठगा और उपेक्षित महसूस कर रही है। सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों पर भी लोग लगातार बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। देश के कई राज्यों में भी बिजली कटौती और अव्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन सामने आए हैं। भाजपा नेता दीपक गर्ग ने कहा कि चूंकि प्रदेश में भाजपा की सरकार है,इसलिए पार्टी और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने सुझाव दिया कि भाजपा को एक विशेष कमेटी गठित करनी चाहिए,जो क्षेत्र में हो रही बिजली कटौती, ट्रांसफार्मर खराबी,लो-वोल्टेज और मेंटेनेंस व्यवस्था की जमीनी जांच करे। यह कमेटी आम जनता से संवाद कर वास्तविक समस्याओं को समझे और समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों पर दबाव बनाए। उन्होंने कहा कि जनता को यह भी बताया जाना चाहिए कि आखिर कटौती किन कारणों से हो रही है और समाधान के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं। पारदर्शिता की कमी के कारण लोगों में असंतोष लगातार बढ़ रहा है। यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता का गुस्सा बड़ा आंदोलन का रूप ले सकता है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ आदिवासी कला केंद्र मैदान को व्यावसायिक परिसर में बदलने का विरोध

Share छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने राज्यपाल,मुख्यमंत्री और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन….-संवाददाता-अम्बिकापुर,31 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। …

Leave a Reply