ताला तोडकर सोने के जेवर,नगदी और चावल की बोरी ले गया था आरोपी
अम्बिकापुर,19 मई 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोडकर चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गया सोने का लॉकेट बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार गांधीनगर हाई स्कूल के पीछे रहने वाला परिवार 14 मई को रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गया था। घर में ताला बंद था। 17 मई को वापस लौटने पर मकान का मुख्य दरवाजा और पेटी का ताला टूटा मिला। घर से सोने का एक लॉकेट, दो जोड़ी कान की बाली, 2 हजार रुपए नगद और चावल की बोरी चोरी हो चुकी थी। प्रार्थी की शिकायत पर थाना गांधीनगर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक बनारस रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की पहचान भज्जू वासुदेव उर्फ लल्लू, निवासी सहायकपुर चौकी करंजी थाना विश्रामपुर जिला सूरजपुर के रूप में हुई। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सोने का लॉकेट बरामद किया गया। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, जुआ एक्ट और अन्य मामलों सहित करीब 24 अपराध विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वह पहले भी गांधीनगर, विश्रामपुर और सूरजपुर क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, सहायक उपनिरीक्षक सुभाष ठाकुर, अभिषेक दुबे, आरक्षक कुंदन पांडेय और राहुल सिंह की अहम भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur