-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 मई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेलाई स्थित क्रशर प्लांट में काम के दौरान एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कन्वेयर बेल्ट की सफाई के दौरान हुआ, जब मजदूर के ऊपर भारी लोहे की जाली गिर गई। गंभीर रूप से घायल मजदूर को इलाज के लिए अंबिकापुर लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम खाराकोना निवासी 20 वर्षीय अल्मोन पिता संतू अन्य मजदूरों के साथ सिंघल क्रशर प्लांट में काम करता था। शनिवार दोपहर उसे कन्वेयर बेल्ट की सफाई का काम दिया गया था। इसी दौरान अचानक भारी जाली उसके ऊपर गिर गई और वह दब गया। मौके पर मौजूद मजदूरों ने गैस कटर से जाली काटी और जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकाला। एंबुलेंस नहीं मिलने पर घायल मजदूर को निजी वाहन से अंबिकापुर के होलीक्रॉस अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रशासन ने प्लांट किया सील : घटना की सूचना मिलते ही खनिज विभाग की टीम और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने संबंधित क्रशर मशीन को अग्रिम आदेश तक सील कर दिया है। श्रम विभाग और इंडस्ट्रीज एंड हेल्थ सेफ्टी विभाग द्वारा भी जांच शुरू कर दी गई है।
संचालक पर हो सकती है कार्रवाई : प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में लापरवाही सामने आने पर क्रशर संचालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur