Breaking News

अम्बिकापुर@लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के 9 कर्मचारियों को नोटिस

Share

अम्बिकापुर,19 मई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने सोमवार रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आपातकालीन ड्यूटी में तैनात चिकित्सा अधिकारी अनुपस्थित मिले। अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के नोटिस बोर्ड में इमरजेंसी ड्यूटी डॉक्टर, स्टाफ नर्स एवं अन्य कर्मचारियों की अद्यतन जानकारी नहीं मिली। इस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। संयुक्त संचालक ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि जिन मरीजों का इलाज स्थानीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से रेफर न किया जाए। यदि रेफर करना जरूरी हो तो निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कारण सहित मरीजों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर भेजा जाए। निरीक्षण में अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित जागरूकता सामग्री और आईईसी फ्लेक्स भी कम संख्या में पाए गए। अधिकारियों को इन्हें बढ़ाने के निर्देश दिए गए ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके। डॉ. शुक्ला ने हीट वेव को देखते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड में रहने तथा नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उपस्थिति पंजी के अवलोकन में 9 अधिकारी-कर्मचारी पूर्व दिनों में अनुपस्थित पाए गए। इस पर संस्था प्रभारी सहित संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Share

Check Also

बिलासपुर@दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला मुख्यालय बिलासपुर

Share विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रभात फेरी एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन बिलासपुर, दिनांक 18 …

Leave a Reply