Breaking News

प्रतापपुर@खबर प्रकाशन के बाद जागा क्रेडा विभाग, फिर भी नहीं सुधरी व्यवस्था

Share

  • एक महीने बाद भी नहीं बना सौर जलप्रदाय मोटर, घंटों मशक्कत के बाद भी नहीं चला पंप
  • ग्रामीणों में भारी नाराजगी, पेयजल संकट गहराया


प्रतापपुर 18 मई 2026 (घटती-घटना)। प्रतापपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरा के आश्रित ग्राम परसापारा में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। गांव में लगे सौर जलप्रदाय मोटर के खराब होने से ग्रामीण पिछले एक महीने से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। मामले को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद आखिरकार क्रेडा विभाग हरकत में आया, लेकिन विभाग की कार्यप्रणाली ने एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक करीब एक महीने पहले गांव का सौर जलप्रदाय मोटर खराब हो गया था। इसके बाद विभागीय कर्मचारी मोटर को मरम्मत कराने के नाम पर अपने साथ ले गए थे। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि विभाग मोटर को पूरी तरह ठीक कर वापस लगाएगा या फिर नया मोटर उपलब्ध कराएगा, ताकि गांव में पेयजल व्यवस्था बहाल हो सके।
सोमवार को विभागीय कर्मचारी परसापारा पहुंचे, लेकिन ग्रामीण उस समय हैरान रह गए जब कर्मचारियों ने वही पुराना खराब मोटर निकालकर लगाने की कोशिश शुरू कर दी। कर्मचारियों ने घंटों तक मोटर को चालू करने के लिए प्रयास किए। कभी वायरिंग ठीक की गई तो कभी पाइप लाइन और कंट्रोल सिस्टम को जांचा गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी मोटर चालू नहीं हो सका।
करीब पूरे दिन चले प्रयास के बावजूद जब पंप नहीं चला तो विभागीय कर्मचारी मोटर को वापस लेकर सूरजपुर लौट गए। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटी रही और लोग विभागीय कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताते रहे। ग्रामीणों का कहना था कि यदि मोटर ठीक ही नहीं हुआ था तो उसे गांव में लाकर समय और लोगों की उम्मीदों के साथ खिलवाड़ क्यों किया गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण गांव में पेयजल संकट विकराल रूप ले चुका है। गांव की महिलाएं और बच्चे रोजाना दूर-दराज के हैंडपंप और जल स्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं। कई परिवार तालाब और अन्य असुरक्षित जल स्रोतों का सहारा ले रहे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में पानी की समस्या ने लोगों का जीवन प्रभावित कर दिया है। कई बार शिकायत और मांग के बावजूद विभाग ने समय रहते कोई ठोस पहल नहीं की। अब जब मीडिया में मामला सामने आया तो विभाग केवल औपचारिकता निभाने पहुंच गया।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गांव में तत्काल नया सौर मोटर लगाकर पेयजल व्यवस्था बहाल की जाए। साथ ही पूरे मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
गांव के लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब देखना होगा कि लगातार सवालों के घेरे में आ रहे क्रेडा विभाग द्वारा ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान कब तक किया जाता है।


Share

Check Also

बलरामपुर@नशे के अवैध कारोबार पर बलरामपुर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक

Share 985 नशीले इंजेक्शन के साथ आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क ध्वस्त करने में मिली सफलता बलरामपुर,18 …

Leave a Reply