लोहे की जाली गिरने से दबा मजदूर,सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 मई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेलाई स्थित क्रशर प्लांट में हुए हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा रविवार को कन्वेयर बेल्ट की सफाई के दौरान हुआ, जब युवक के ऊपर लोहे की भारी जाली गिर गई। गंभीर हालत में उसे अंबिकापुर मिशन अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम भेलाई स्थित सिंघल क्रशर प्लांट में कार्यरत अल्मोन को रविवार को कन्वेयर बेल्ट की सफाई के लिए लगाया गया था। सफाई के दौरान अचानक उसके ऊपर लोहे की भारी-भरकम जाली गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद प्लांट में काम कर रहे अन्य मजदूरों ने गैस कटर और जेसीबी की मदद से युवक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए मिशन अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया,जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया। मृतक युवक सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खाराकोना का रहने वाला था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन रात में ही अंबिकापुर पहुंच गए थे। मृतक के साथ काम कर रहे मजदूर अर्पण एक्का ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में मजदूरों के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं थे। मौके पर फर्स्ट एड किट तक नहीं थी और घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की भी व्यवस्था नहीं हो सकी। अर्पण एक्का ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद मजदूरों से घटना को जेसीबी की बकेट से दबने का मामला बताने के लिए कहा गया।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप : क्षेत्र में संचालित कई क्रशर प्लांटों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने की बात सामने आती रही है। बताया जा रहा है कि जिस क्रशर प्लांट में हादसा हुआ, उसे पूर्व संचालक विजय सिंघल ने कुछ माह पहले क्रशर संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल सहित अन्य लोगों को बेच दिया था। मामले को लेकर अजजा आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्रशर प्लांटों में आदिवासी मजदूरों का शोषण किया जा रहा है और शिकायतों पर केवल औपचारिक कार्रवाई की जाती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur