

चिरमिरी की रामकथा में बसों-गाडि़यों से उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
जगद्गुरु रामभद्राचार्य की रामकथा में सरगुजा संभाग से उमड़ी आस्था
एमसीबी/चिरमिरी 17 मई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग के चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में इन दिनों धर्म, आस्था और राजनीति का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है, प्रसिद्ध कथावाचक रामभद्राचार्य की विशाल रामकथा के शुभारंभ अवसर पर आयोजित भव्य कलश यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी,आयोजन में सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे और पूरे चिरमिरी क्षेत्र में भगवामय वातावरण नजर आया।
बसों और चार पहिया वाहनों में पहुंचे श्रद्धालु– कार्यक्रम में सबसे खास दृश्य यह देखने को मिला कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु निजी दोपहिया वाहनों की बजाय बसों और चार पहिया वाहनों के माध्यम से आयोजन स्थल पहुंचे, इसे लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील से जोड़कर भी देखा, आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं को सामूहिक रूप से बसों और अन्य वाहनों में बैठाकर कथा स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई थी, रविवार को चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में चारों तरफ वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं, हालांकि भीड़ के बावजूद यह देखने को मिला कि अधिकांश वाहन बसें और चार पहिया थे, जिनमें सीट क्षमता के अनुसार श्रद्धालु बैठकर पहुंचे, इससे सड़क पर दोपहिया वाहनों की अपेक्षाकृत कम संख्या दिखाई दी।
महीनों से चल रही थी तैयारियां- चिरमिरी में आयोजित इस विशाल रामकथा कार्यक्रम की तैयारियां कई महीनों से चल रही थीं,आयोजक समिति द्वारा पूरे सरगुजा संभाग में जाकर आमंत्रण वितरित किए गए थे और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई थी, कलश यात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए विशेष ड्रेस कोड भी तय किया गया था,महिला श्रद्धालुओं के लिए एक समान रंग की साडि़यों की व्यवस्था आयोजक समिति द्वारा की गई थी,जब हजारों महिलाएं एक जैसी साडि़यों में सिर पर कलश लेकर यात्रा में शामिल हुईं तो पूरा वातावरण भक्तिमय और आकर्षक नजर आया।
भाजपा नेताओं और मंत्रियों की भी रही सक्रिय मौजूदगी-कलश यात्रा और रामकथा आयोजन के दौरान धार्मिक आयोजन के साथ-साथ राजनीतिक रंग भी साफ तौर पर दिखाई दिया, सरगुजा संभाग भर के भाजपा नेताओं का जमावड़ा कार्यक्रम में नजर आया। कई भाजपा नेता श्रद्धालुओं के साथ पैदल यात्रा करते दिखे,प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री भी कलश यात्रा में पैदल शामिल होकर श्रद्धालुओं का अभिवादन करते नजर आए,चिरमिरी भाजपा नेताओं ने आयोजक की भूमिका निभाते हुए बाहर से आए श्रद्धालुओं और अतिथियों के स्वागत की जिम्मेदारी संभाली,वहीं संभाग भर से पहुंचे भाजपा नेताओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर आयोजन को राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बना दिया।
दस दिनों तक चलेगा धार्मिक आयोजन
रामकथा कार्यक्रम पूरे दस दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, आयोजन स्थल पर धार्मिक प्रवचनों के साथ भजन, पूजा-अर्चना और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, कलश यात्रा के दौरान जिस तरह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, उसने साफ कर दिया कि चिरमिरी का यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि पूरे सरगुजा संभाग के लिए आस्था का महाकुंभ बन चुका है। श्रद्धा, संगठन और राजनीतिक उपस्थिति—तीनों ने मिलकर इस आयोजन को भव्यता प्रदान की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur