-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 मई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र से एक नवविवाहिता की आत्महत्या का मामला सामने आया है। शादी के महज 10 दिन बाद किशोरी ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया,जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में प्रेम प्रसंग और परिवार की असहमति की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नरसिंहपुर निवासी 17 वर्षीय चांदनी जायसवाल की शादी 5 मई को सूरजपुर जिले के अखोराकला निवासी युवक से सामाजिक रीति-रिवाज के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद युवती ने पति को बताया था कि वह किसी अन्य युवक को पसंद करती है और उसके साथ रहना नहीं चाहती। शादी के कुछ दिन बाद ही परिजन चौथिया की रस्म के लिए उसे मायके ले आए थे। शुक्रवार सुबह घर में अकेली रहने के दौरान उसने अपने पिता को फोन कर व्हाट्सएप देखने को कहा। पिता ने मोबाइल देखा तो उसमें जहर की शीशी की फोटो भेजी गई थी। पिता ने तत्काल बेटी को फोन कर ऐसा कदम नहीं उठाने की बात कही और घर के लिए रवाना हुए, लेकिन तब तक युवती जहर का सेवन कर चुकी थी। परिजन उसे पहले राजपुर अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur