सनावल पुलिस की कार्रवाई,5 मवेशी बरामद कर आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
बलरामपुर,15 मई 2026 (घटती-घटना)। थाना सनावल क्षेत्र में मवेशियों को मारते-पीटते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 25/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 1960 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार प्रार्थी रामकुमार यादव पिता मंगरू यादव उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम कुशफर थाना सनावल ने पुलिस को मोबाइल के माध्यम से सूचना दी कि दो व्यक्ति 5 रास बछड़ा,गाय एवं बेल को दौड़ाते,हांकते और मारते-पीटते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सनावल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और 5 मवेशियों को बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मवेशियों को मंडरू टोला उत्तर प्रदेश से खरीदकर सहयोगी रिश्तेदार के साथ मंडरू टोला होते हुए कुशफर के रास्ते ग्राम खालाटोला थाना धुरकी, झारखंड ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपी शेर मोहम्मद अंसारी पिता सहादत अंसारी उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम खालाटोला सेराजनगर थाना धुरकी जिला गढ़वा (झारखंड) तथा परमात्मा यादव पिता बैजनाथ यादव उम्र 45 वर्ष निवासी कुशफर थाना सनावल से पूछताछ की।
दोनों आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur