सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने बिजली बिलों की जांच और श्रम पंजीयन में तेजी लाने का दिया निर्देश
अम्बिकापुर,15 मई 2026 (घटती-घटना)। राज्य शासन के निर्देशानुसार संचालित सुशासन तिहार अंतर्गत जिले के सीतापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत मूरता क्लस्टर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित मांग एवं शिकायतों के कुल 1405 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मांग के 1374 तथा शिकायत के 31 आवेदन शामिल हैं। प्राप्त आवेदनों में से 72 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष लंबित आवेदनों को संबंधित विभागों को प्रेषित कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
सांसद श्री महाराज ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन के निर्देशानुसार प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर आम जनता को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहा है तथा मांगों एवं शिकायतों का नियमानुसार निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याओं को खुलकर प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की, ताकि समय पर समस्याओं का समाधान एवं योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी क्षेत्र की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने विशेष रूप से राजस्व प्रकरणों जैसे फौती, सीमांकन एवं बंटवारा आदि मामलों के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत करने की बात कही, जिससे समस्याओं का त्वरित एवं सुगम निराकरण किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur