सिर पर किया वार,कोतवाली पुलिस ने तलवार जब्त कर न्यायिक रिमांड पर भेजा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,15 मई 2026 (घटती-घटना)। शहर के नमनाकला इलाके में मामूली विवाद के दौरान तलवार लहराकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में महिला के सिर पर तलवार के हत्थे से वार किया गया। मामले में कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की तलवार भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार महामाया पेट्रोल पंप के पीछे खटिकपारा नमनाकला निवासी अंजनी सारथी ने थाना कोतवाली अंबिकापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 मार्च 2026 को मोहल्ले का सूर्या सोनवानी उर्फ लेदरी अपने साथी गोपी और गोलू के साथ हाथ में तलवार लेकर उसके घर पहुंचा था। मामूली विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और तलवार के हत्थे से सिर पर वार कर दिया, जिससे उसे चोट आई। प्रार्थिया की शिकायत पर थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 174/2025 के तहत धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे।
मुखबिर की सूचना पर दबिश : नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सूर्या सोनवानी उर्फ लेदरी (19) निवासी झंझटपारा नमनाकला अंबिकापुर, गोपी चौधरी (27) निवासी नमनाकला खटिकपारा तथा रवि गुप्ता उर्फ गोलू (24) निवासी नमनाकला अंबिकापुर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया।
तलवार जब्त, भेजे गए जेल
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक नग लोहे की तलवार जब्त की है। इसके बाद विधिवत कार्रवाई करते हुए 14 मई 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पूरे मामले की कार्रवाई में उप निरीक्षक के.के. यादव, प्रधान आरक्षक रजनीकांत मिश्रा, सियाराम मरावी, सतीश सिंह तथा आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा, लालभुवन सिंह और अमित विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur