Breaking News

बलरामपुर@ राहुल गुप्ता की शिकायत पर खुली नल-जल योजना की पोल

Share

मंत्रालय रायपुर से जांच के आदेश
पुटसुरा में अधूरा और गुणवत्ताहीन मिला कार्य,कई बसाहटों में अब तक नहीं पहुंचा पानी
बलरामपुर,15 मई 2026 (घटती-घटना)
। जिले के ग्राम पुटसुरा में संचालित नल-जल योजना में भारी अनियमितताओं और गुणवत्ताहीन निर्माण का मामला सामने आया है। ग्राम निवासी राहुल गुप्ता की शिकायत के बाद मामला अब मंत्रालय स्तर तक पहुंच गया है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्रालय रायपुर ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच प्रतिवेदन तलब किया है। मंत्रालय से जारी पत्र क्रमांक GENCOR-35/1082/ 2026-PHE दिनांक 05 मई 2026 के माध्यम से मिशन संचालक जल जीवन मिशन एवं प्रमुख अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को ग्राम पुटसुरा में नल-जल योजना के कार्यों में कथित भ्रष्टाचार, शासकीय राशि के दुरुपयोग और तकनीकी अनियमितताओं की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले में ग्राम पुटसुरा निवासी राहुल गुप्ता ने आरोप लगाया था कि मे. रविरंजन कुमार राजा द्वारा गांव में नल-जल योजना का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन कार्य पूर्ण हुए बिना ही सरपंच को कार्यालय बुलाकर यह कहलवाया गया कि गांव के सभी क्षेत्रों में पानी पहुंच रहा है, जबकि हकीकत में अधिकांश बसाहटों में पानी चालू ही नहीं हुआ था।
जांच में मिली कई गंभीर खामियां : शिकायत के बाद सहायक अभियंता उपखंड बलरामपुर द्वारा जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन में योजना के कार्यों में कई गंभीर खामियां सामने आईं। रिपोर्ट के अनुसार 120 किलोलीटर क्षमता की टंकी में सीपेज पाया गया। टंकी की कलर कोटिंग मानक अनुरूप नहीं मिली तथा साफ-सफाई और फिलिंग का कार्य अधूरा पाया गया। इसके अलावा बाउंड्रीवॉल की फेसिंग जाली में एंगल की ऊंचाई जाली से कम पाई गई। सेमरपारा में आंशिक रूप से पानी चालू मिला, जबकि अन्य बसाहटों में पानी सप्लाई शुरू नहीं हो सकी थी। महुआरीपारा में पाइपलाइन तक नहीं बिछाई गई थी। गांव की पुरानी क्षतिग्रस्त पाइपलाइन का मरम्मत कार्य भी नहीं कराया गया। जांच में यह भी सामने आया कि कई स्थानों पर केवल स्टैंड पोस्ट बनाकर कार्य पूर्ण दिखाने का प्रयास किया गया, जबकि उनका निर्माण भी संतोषजनक नहीं था। कई घरों में एफएचटीसी टूटे मिले, वहीं कुछ घरों में एक से अधिक एफएचटीसी कनेक्शन पाए गए।
ठेकेदार को चेतावनी,अनुबंध निरस्तीकरण की बात : कार्यपालन अभियंता कार्यालय की ओर से संबंधित ठेकेदार को निर्देश जारी कर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने और अनुबंध की शर्तों के अनुसार योजना का हैंडओवर सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि नियमों और निर्देशों की अवहेलना की गई तो अनुबंध निरस्त कर अमानत राशि शासन के पक्ष में राजसात कर ली जाएगी।
शिकायत के बाद मचा हड़कंप : ग्रामवासी राहुल गुप्ता ने कहा कि उन्होंने लगातार विभागीय अधिकारियों से लेकर मंत्रालय स्तर तक शिकायत कर मामले को उठाया। इसके बाद जांच टीम गठित हुई और योजना की वास्तविक स्थिति सामने आई। मामले के उजागर होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है। ग्रामीणों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई नहीं होती तो करोड़ों रुपए की योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती। अब लोगों की नजर मंत्रालय की अंतिम जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।


Share

Check Also

सूरजपुर @ करोड़ों की जमीन सौदे में गड़बड़ी का आरोप

Share , अपर कलेक्टर पर जांच शुरूबेनामी संपत्ति और नियम विरुद्ध नामांतरण की शिकायत पर …

Leave a Reply