Breaking News

अम्बिकापुर@मेडिकल कॉलेज रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई…मरीजों को राहत की उम्मीद

Share


जाम और अव्यवस्था से परेशान थे लोग,शिकायत के बाद प्रशासन ने दिखाई सख्ती
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 मई 2026 (घटती-घटना)। शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील मार्गों में शामिल मेडिकल कॉलेज अस्पताल रोड पर आखिरकार प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। लंबे समय से सडक किनारे अवैध रूप से लग रहे ठेले-गुमटियों और दुकानों के बाहर फैले सामान के कारण यहां लगातार जाम की स्थिति बन रही थी। मरीजों, एंबुलेंस चालकों और आम लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही थी। गुरुवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सडक किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान दर्जनों ठेले-गुमटियों को हटाया गया, वहीं कई दुकानों के बाहर रखे सामान को भी जब्त किया गया। प्रशासन की टीम जेसीबी और निगम अमले के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान सडक किनारे अव्यवस्थित तरीके से रखे सामान को हटाने के साथ दुकानदारों को कड़ी चेतावनी भी दी गई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल रोड शहर का प्रमुख मार्ग माना जाता है।
इसी रास्ते से बड़ी संख्या में मरीज,एंबुलेंस और मेडिकल कॉलेज आने-जाने वाले लोग गुजरते हैं। लेकिन लंबे समय से सडक किनारे ठेले-गुमटियों के बढ़ते कब्जे के कारण यहां आए दिन जाम लग रहा था। कई बार एंबुलेंस तक को रास्ता निकालने में परेशानी होती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के समय सडक की स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती थी।
बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने भी प्रशासन से शिकायत की थी कि सडक पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण से अस्पताल की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके बाद प्रशासन ने नगर निगम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को सडक पर सामान नहीं फैलाने की समझाइश दी। निगम प्रशासन ने साफ किया कि जिन ठेला संचालकों को हटाया गया है, उन्हें तय स्थानों पर ही दुकान लगाने की अनुमति होगी। सडक और अस्पताल मार्ग पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नियमित निगरानी होती रही तो मेडिकल कॉलेज रोड पर जाम और अव्यवस्था की समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जीएच रायसोनी मेमोरियल ऑल इंडिया ओपन फिडे रेटेड रैपिड शतरंज प्रतियोगिता 30 व 31 मई को

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,14 मई 2026 (घटती-घटना)। शतरंज संघ सरगुजा द्वारा 30 एवं 31 मई को जीएच …

Leave a Reply