Breaking News

अम्बिकापुर@ऑटो चालक से डकैती का खुलासा 24 घंटे के भीतर 2 आरोपी गिरफ्तार

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 मई 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना क्षेत्र में ऑटो चालक से डकैती करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं, जो अंबिकापुर में रहकर वारदात को अंजाम दे रहे थे।
शादी समारोह से लौट रहे ऑटो चालक को बनाया निशाना : मामले में प्रार्थी धर्मेन्द्र यादव निवासी कल्याणपुर थाना जयनगर जिला सूरजपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 12 मई 2026 की रात करीब 12 बजे कोलडीहा में आयोजित शादी समारोह से ऑटो लेकर अपने घर कल्याणपुर लौट रहा था। रात करीब 12ः40 बजे ग्राम घंधरी गेरवानी नाला के पास पहुंचने पर पीछे से 6 पल्सर मोटरसाइकल में सवार 10 से 12 युवक पहुंचे। आरोपियों ने ऑटो के सामने मोटरसाइकिल खड़ी कर उसे रोक लिया और गन दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसका एकवा कंपनी का मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिला सुराग : प्रार्थी की शिकायत पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 274/2026 धारा 126(2), 310(2) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल अंबिकापुर और थाना गांधीनगर की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास पूछताछ करने के साथ ही प्रतापपुर-अंबिकापुर मार्ग में लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के बारीकी से परीक्षण के दौरान कुछ युवक घटना के बाद मोटरसाइकिल से जाते दिखाई दिए, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान वैभव मिश्रा और लवकुश कुमार के रूप में की।
उत्तर प्रदेश निवासी निकले आरोपी : पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर वैभव मिश्रा (20 वर्ष) निवासी कुड़वार जिला सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश लवकुश कुमार (24 वर्ष) निवासी कुड़वार जिला सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश को हिरासत में लिया। दोनों वर्तमान में राजा गैस गोदाम के पास अंबिकापुर में रह रहे थे। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक राजेश खलखो, थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, साइबर सेल अंबिकापुर की टीम, सहायक उप निरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, जयदीप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जीएच रायसोनी मेमोरियल ऑल इंडिया ओपन फिडे रेटेड रैपिड शतरंज प्रतियोगिता 30 व 31 मई को

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,14 मई 2026 (घटती-घटना)। शतरंज संघ सरगुजा द्वारा 30 एवं 31 मई को जीएच …

Leave a Reply