Breaking News

अम्बिकापुर@ सोशल मीडिया वीडियो के बाद मौत

Share

अब कई सवालों के घेरे में अमन ओझा केस
डेढ़ माह पहले जताई थी जान का खतरा,जांच के लिए बनाई गई विशेष टीम
अम्बिकापुर,14 मई 2026 (घटती-घटना)।
शहर के मिशन चौक निवासी और टुनटुन दाबेली संचालक अमन ओझा की झारखंड में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत अब कई सवाल खड़े कर रही है। मौत से पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो, पुलिस को दी गई शिकायत और कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन के बाद यह मामला अब केवल एक सामान्य मौत नहीं माना जा रहा है। जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों की मांग के बाद आईजी ने पूरे मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की है। दरअसल 10 मई को झारखंड के रंका क्षेत्र में अमन ओझा का शव मिला था। शव मिलने की परिस्थितियां शुरू से ही संदेह पैदा कर रही थीं। चेहरे पर चोट के निशान थे और शव की स्थिति को लेकर भी कई सवाल उठे। घटना के बाद से परिजन और परिचित हत्या की आशंका जता रहे हैं। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब अमन ओझा के सोशल मीडिया वीडियो सामने आए। अप्रैल माह में पोस्ट किए गए इन वीडियो में अमन ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी और बेटी को एक धर्म विशेष का युवक अपने साथ ले गया है। उसने यह भी कहा था कि विरोध करने पर उसे धमकियां मिल रही हैं और उसकी हत्या कराई जा सकती है। अमन ने कुछ युवकों के नाम और मोबाइल नंबर भी पुलिस को दिए थे। बताया जा रहा है कि मौत से तीन दिन पहले अमन ने कलेक्टर को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत देने के दो दिन बाद ही उसका शव झारखंड में मिला। ऐसे में अब यह सवाल उठ रहा है कि यदि शिकायतों को गंभीरता से लिया जाता तो क्या घटना टल सकती थी। मामले में भाजपा पार्षद आलोक दुबे और सरगुजा सर्व ब्राह्मण समाज ने भी जांच की मांग उठाई। इसके बाद आईजी दीपक झा ने विशेष जांच टीम गठित की है। टीम में अंबिकापुर सीएसपी राहुल बंसल, कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा और रामानुजगंज थाना प्रभारी को शामिल किया गया है। इधर अमन की पत्नी ने किसी अन्य युवक से संबंध होने की बात से इनकार किया है। उसका कहना है कि घरेलू विवाद और मारपीट के कारण वह अलग रह रही थी। हालांकि उसने भी पति की मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। अब पूरे मामले में लोगों की नजर जांच टीम की रिपोर्ट पर टिकी हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह हत्या है,दुर्घटना या फिर इसके पीछे कोई और वजह है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जीएच रायसोनी मेमोरियल ऑल इंडिया ओपन फिडे रेटेड रैपिड शतरंज प्रतियोगिता 30 व 31 मई को

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,14 मई 2026 (घटती-घटना)। शतरंज संघ सरगुजा द्वारा 30 एवं 31 मई को जीएच …

Leave a Reply