Breaking News

अम्बिकापुर@मॉन्टफोर्ट स्कूल का 12 वीं बोर्ड परिणाम शत-प्रतिशत शीना मेहता ने सरगुजा जिले में किया टॉप….

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 मई 2026 (घटती-घटना)। मॉन्टफोर्ट स्कूल ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। विद्यालय की छात्रा शीना मेहता ने 97.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर न केवल स्कूल बल्कि पूरे सरगुजा जिले का नाम रोशन किया है। शीना ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी सफलता का जश्न मनाया। अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इन विद्यार्थियों ने भी
किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

विद्यालय के अन्य मेधावी विद्यार्थियों में दिव्या तिग्गा एवं आयुष ठाकुर ने 92.4-92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं ऋषिकेश संदीप ने 88 प्रतिशत,अनुराग पाण्डेय एवं कनकश्री ने 87-87 प्रतिशत, वंशिका सिंह ने 86 प्रतिशत,पवन प्रकाश ने 85.5 प्रतिशत, प्रेसी कुर्रे ने 85.4 प्रतिशत तथा लवन्या सिंह ने 85 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस वर्ष विद्यार्थियों ने सभी संकायों में बेहतर प्रदर्शन किया है। शिक्षकों की सतत निगरानी,नियमित टेस्ट एवं अनुशासित अध्ययन व्यवस्था का सकारात्मक परिणाम परीक्षा में देखने को मिला।
मेहनत,अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का मिला परिणाम : विद्यालय के प्राचार्य ब्रदर सेवक गेब्रियल ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि मॉन्टफोर्ट स्कूल हमेशा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा,अनुशासन और नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देता रहा है। विद्यालय विद्यार्थियों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखकर उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देता है।
अभिभावकों में भी खुशी का माहौल : बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन के बाद अभिभावकों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। कई अभिभावकों ने विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल द्वारा बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाता है,जिसका परिणाम हर वर्ष उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के रूप में सामने आता है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
होली क्रॉस कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा सौम्या
दुबे ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बढ़ाया मान

अंबिकापुर के होली क्रॉस कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा सौम्या दुबे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों,शिक्षकों एवं शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। सौम्या दुबे बचपन से ही पढ़ाई में प्रतिभाशाली रही हैं। उन्होंने केजी से लेकर दसवीं कक्षा तक लगातार 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी प्रारंभिक शिक्षा वियानी इंग्लिश मीडियम स्कूल में हुई। सौम्या के पिता विनय कुमार दुबे उदयपुर में निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं,जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। सामान्य परिवार से आने वाली सौम्या ने कठिन मेहनत,अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह सफलता प्राप्त की है। पढ़ाई के अलावा सौम्या को पुस्तकें पढ़ने एवं यात्रा करने का विशेष शौक है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता,गुरुजनों एवं विद्यालय के सहयोग को दिया है। विद्यालय परिवार ने सौम्या की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
जवाहर नवोदय विद्यालय खलिबा का 12वीं परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत,विद्यार्थियों ने बढ़ाया गौरव

पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय ख़लिबा अंबिकापुर का इस वर्ष कक्षा 12 वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम अत्यंत उत्कृष्ट एवं गौरवपूर्ण रहा। विद्यालय के कुल 50 विद्यार्थियों ने वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षा में हिस्सा लिया, जिनमें सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर विद्यालय को शत-प्रतिशत परिणाम दिलाने में सफल रहे। विद्यालय के छात्र राहुल कुमार ने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं ईशांत जांगड़े ने 95 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। छात्रा श्वेता रतिया ने 94.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय प्राचार्य एवं समस्त विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं। विद्यालय प्रशासन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग को दिया है। विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में हर्ष का माहौल है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जीएच रायसोनी मेमोरियल ऑल इंडिया ओपन फिडे रेटेड रैपिड शतरंज प्रतियोगिता 30 व 31 मई को

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,14 मई 2026 (घटती-घटना)। शतरंज संघ सरगुजा द्वारा 30 एवं 31 मई को जीएच …

Leave a Reply