Breaking News

एमसीबी/ मनेंद्रगढ़,@ केल्हारी वन विभाग कार्यालय का कांग्रेस ने किया घेराव

Share


भालू पीडि़तों को मुआवजा,तेंदूपत्ता भुगतान और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर गरजा कांग्रेस का धरना
एमसीबी/ मनेंद्रगढ़,14 मई 2026 (घटती-घटना)।
कांग्रेस द्वारा मनेंद्रगढ़ क्षेत्र के केल्हारी वन परिक्षेत्र कार्यालय का घेराव कर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया, प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं,कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने वन विभाग पर भ्रष्टाचार, तेंदूपत्ता भुगतान में देरी,भालू हमले के पीडि़तों की अनदेखी और ग्रामीणों के शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए, धरना प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण मनेंद्रगढ़ के नेतृत्व में आयोजित किया गया,जहां मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया,प्रदर्शन के दौरान वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई और ग्रामीणों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
महुआ पेड़ और ट्री गार्ड में हुआ भ्रष्टाचार- जिला कांग्रेस कमेटी एमसीबी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि साठ हजार महुआ पेड़ लगाने के नाम पर बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया गया है,उन्होंने कहा कि ट्री गार्ड निर्माण में भी भारी अनियमितताएं सामने आई हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए,उन्होंने भालू हमले में घायल ग्रामीण को पर्याप्त सहायता राशि नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जहां पीडि़त को 50 हजार रुपये मिलना चाहिए था, वहां मात्र 1500 रुपये देकर औपचारिकता निभाई गई। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों पर भाजपा समर्थित मानसिकता से काम करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि तेंदूपत्ता संग्राहकों का भुगतान शीघ्र नहीं हुआ तो कांग्रेस मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाकर विरोध दर्ज कराएगी।
गरीबों की झोपड़ी टूट रही,भुगतान नहीं मिल रहा- पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि गरीब और ग्रामीण जनता के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में आम लोगों की सुनवाई नहीं हो रही है, उन्होंने कहा कि वन विभाग एक ओर गरीबों की झोपडि़यां तोड़ने में सक्रिय है, वहीं दूसरी ओर उन्हीं ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं और अधिकार देने में विफल साबित हो रहा है, उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों के लंबित भुगतान को तत्काल जारी करने और भालू पीडि़त परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए कहा कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी सहायता राशि के लिए अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, मजदूरों और तेंदूपत्ता संग्राहकों को समय पर भुगतान नहीं मिलने से ग्रामीण परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं,उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो कांग्रेस इससे भी बड़ा आंदोलन करेगी।
बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता और ग्रामीण
धरना प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, महिला जिला अध्यक्ष ग्रामीण निर्मला चतुर्वेदी,जिला महामंत्री रफीक मेमन,ओम प्रकाश गुप्ता,आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमोल सिंह,जिला प्रवक्ता भावेश जैन,मजदूर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मकसूद आलम,महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नीलिमा शामल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी,कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे, धरना स्थल पर लगातार नारेबाजी होती रही और ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ अपनी नाराजगी खुलकर व्यक्त की, प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
ग्रामीणों की चिंता छोड़ भ्रष्टाचार में व्यस्त विभाग-
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण मनेंद्रगढ़ के अध्यक्ष रामनरेश पटेल ने कहा कि भालू हमले से प्रभावित परिवारों को राहत देने के बजाय वन विभाग महुआ वृक्षारोपण और ट्री गार्ड के नाम पर भ्रष्टाचार में उलझा हुआ है, उन्होंने कहा कि ग्रामीण लगातार वन्यजीव हमलों और आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग संवेदनशीलता दिखाने के बजाय कागजी योजनाओं में व्यस्त दिखाई देता है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जीएच रायसोनी मेमोरियल ऑल इंडिया ओपन फिडे रेटेड रैपिड शतरंज प्रतियोगिता 30 व 31 मई को

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,14 मई 2026 (घटती-घटना)। शतरंज संघ सरगुजा द्वारा 30 एवं 31 मई को जीएच …

Leave a Reply