Breaking News

अम्बिकापुर@कल्याणपुर जंगल में हथियारबंद बदमाशों की दस्तक,राहगीरोंें से लूट

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 मई 2026 (घटती-घटना)। अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग एक बार फिर दहशत के साये में नजर आने लगा है। मंगलवार देर रात कल्याणपुर जंगल में हथियारबंद युवकों द्वारा ऑटो चालक से मोबाइल लूट और कार सवारों को रोककर लूट की कोशिश की घटना ने पुराने दिनों की याद ताजा कर दी है। लंबे समय बाद इस मार्ग पर हुई इस वारदात से क्षेत्र के लोगों और रात में सफर करने वाले वाहन चालकों में भय का माहौल है। करीब दो दशक पहले अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग लूटपाट और राहजनी की घटनाओं के कारण बदनाम माना जाता था। जंगल और सुनसान इलाकों का फायदा उठाकर बदमाश राहगीरों को निशाना बनाते थे। हालांकि पुलिस कार्रवाई और लगातार गश्त के कारण ऐसी घटनाएं लगभग बंद हो गई थीं, लेकिन मंगलवार रात हुई वारदात ने पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार कल्याणपुर निवासी ऑटो चालक धर्मेंद्र यादव मंगलवार रात करीब 12.40 बजे अंबिकापुर से लौट रहा था। इसी दौरान कल्याणपुर जंगल के पास 6 बाइक में सवार 11 से 12 युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। बदमाशों के हाथ में पिस्टल थी और उन्होंने चालक को धमकाते हुए पैसे की मांग की। धर्मेंद्र ने बताया कि उसके पास नकदी नहीं थी। इस पर आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। हथियारबंद युवकों की संख्या अधिक होने के कारण वह विरोध नहीं कर सका। घटना के बाद वह किसी तरह वहां से निकला और पुलिस को सूचना दी। बदमाशों का हौसला इतना बढ़ा हुआ था कि उन्होंने उसी दौरान शादी समारोह से लौट रहे धरमपुर निवासी सुरेंद्र प्रसाद जायसवाल की कार को भी रोकने का प्रयास किया। जैसे ही कार की रफ्तार कम हुई, बदमाशों ने चालक की ओर पिस्टल तान दी। हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से निकल गया। इसके बाद आरोपी बाइक से जंगल की ओर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी, लटोरी चौकी प्रभारी अरुण कुमार गुप्ता और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रतापपुर एसडीओपी अनुप एक्का ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्ध युवकों की तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि धर्मेंद्र यादव की शिकायत पर मोबाइल लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है। बदमाश 6 बाइक में सवार थे और कुछ के पास हथियार भी थे। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रतापपुर मार्ग पर फिर से असामाजिक तत्व सक्रिय होते दिखाई दे रहे हैं। यदि समय रहते सख्ती नहीं हुई तो आने वाले दिनों में बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ आदिवासी कला केंद्र मैदान को व्यावसायिक परिसर में बदलने का विरोध

Share छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने राज्यपाल,मुख्यमंत्री और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन….-संवाददाता-अम्बिकापुर,31 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। …

Leave a Reply