सरकारी जमीन पर बने शेड…बाउंड्री और कमरे तोड़े गए,विरोध के बावजूद चार घंटे चली प्रशासन की कार्रवाई

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 मई 2026 (घटती-घटना)। शहर के कमोदा बिहार रिसॉर्ट से लगी सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को सोमवार को प्रशासन ने हटाया। सुबह बुलडोजर और पुलिस बल के साथ पहुंची प्रशासनिक टीम ने बेजा कब्जा कर बनाए गए शेड, बाउंड्री और कमरों को तोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट संचालकों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई पूरी की। जानकारी के अनुसार रिसॉर्ट संचालक द्वारा करीब 45 डिसमिल सरकारी जमीन पर कब्जा कर निर्माण कराया गया था। नापजोख में अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने पहले नोटिस जारी किया था। शनिवार को कार्रवाई के दौरान संचालकों ने दो दिन की मोहलत मांगी थी, जिसके बाद टीम लौट गई थी। सोमवार सुबह करीब 5.30 बजे प्रशासनिक और पुलिस टीम दोबारा मौके पर पहुंची। सुबह 6 बजे से कार्रवाई शुरू हुई, जो लगभग चार घंटे तक चली। इस दौरान बड़े शेड और अन्य निर्माणों को हटाया गया। प्रशासन ने कुल करीब 65 डिसमिल जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। एसडीएम वन सिंह नेताम ने बताया कि मामले की सुनवाई तहसीलदार न्यायालय में हुई थी। जांच में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण सही पाए जाने के बाद धारा 248 के तहत बेदखली नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद भी कब्जा नहीं हटाने पर प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।
सरकारी उपयोग में लाई जाएगी जमीन : एसडीएम ने बताया कि दोबारा कब्जा रोकने के लिए जमीन को सरकारी उपयोग में लाया जाएगा। यहां आंगनबाड़ी सहित अन्य शासकीय कार्यों के लिए जमीन आबंटित की जाएगी। बताया जा रहा है कि कमोदा रिसॉर्ट पुनर्वास की जमीन पर संचालित है। मामले में भू-स्वामी दीपक राय ने जमीन की रजिस्ट्री को लेकर शिकायत भी की है। इसकी जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में रिसॉर्ट और उसका लॉन रजिस्ट्री वाली जमीन पर संचालित पाया गया, जबकि जिस हिस्से में अतिक्रमण मिला, उसे प्रशासन ने हटवा दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur