फर्जी अकाउंट बनाकर वायरल की आपत्तिजनक फोटो-वीडियो,आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर में प्रेम संबंध के बाद युवती का शारीरिक शोषण
अम्बिकापुर,10 मई 2026 (घटती-घटना)। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने और बाद में उसकी आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर पीडि़ता की निजी तस्वीरें पोस्ट की थीं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पीडि़ता ने 1 मई 2026 को लटोरी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि पतरा टोली निवासी अनोज दास से उसकी पहचान एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। इस दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा देकर अंबिकापुर के पटपरिया स्थित किराए के मकान में कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीडि़ता का आरोप है कि बाद में आरोपी ने दूसरी युवती से शादी कर ली। विरोध करने पर उसने युवती की निजी और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दी। आरोपी लगातार युवती पर दोबारा संबंध बनाने का दबाव भी बना रहा था। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 245/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 65(1), 64(2), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(बी) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत कार्रवाई शुरू की। विवेचना के दौरान गांधीनगर पुलिस ने 9 मई को आरोपी अनोज दास (24) निवासी सलका पतरा टोली थाना दरिमा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, ऋषभ सिंह तथा साइबर सेल के आरक्षक अमन पुरी और रमेश रजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur