Breaking News

अम्बिकापुर @पत्नी विवाद के बाद युवक की संदिग्ध मौत

Share


झारखंड में मिला दाबेली संचालक का शव
मिशन चौक का रहने वाला था अमन ओझा,हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
कार-ऑटो में आगजनी और मारपीट की घटना से भी जोडकर जांच में जुटी पुलिस
अम्बिकापुर,10 मई 202६ (घटती-घटना)।
शहर के मिशन चौक निवासी एवं टुनटुन दाबेली दुकान संचालक अमन ओझा (34) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव रविवार को झारखंड के रंका थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-343 से लगे खुथवा मोड़ के पास बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार अमन ओझा मिशन चौक स्थित विशाल मेगा मार्ट के पास दाबेली की दुकान संचालित करता था।
करीब डेढ़ माह पहले वह उस समय चर्चा में आया था,जब उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर एक युवक पर उसकी पत्नी को भगाकर साथ रखने का आरोप लगाया था। अमन ने वीडियो में यह भी कहा था कि पत्नी और उसके कथित प्रेमी द्वारा उसे धमकियां दी जा रही हैं। उसने खुद की जान को खतरा बताते हुए शहर के हिंदू संगठनों से हस्तक्षेप की मांग भी की थी। यह मामला उस दौरान काफी चर्चित रहा और कोतवाली थाना तक पहुंचा था। हालांकि बाद में पत्नी के वापस लौट आने के बाद मामला शांत हो गया था। इधर रविवार को अमन का शव झारखंड के रंका क्षेत्र में मिलने के बाद एक बार फिर मामला सुर्खियों में आ गया है। बताया जा रहा है कि शव के सिर पर गंभीर चोट के कई निशान मिले हैं। वहीं शरीर के निचले हिस्से से कपड़े भी गायब थे। आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंका गया है। रंका पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं मृतक की बाइक रामानुजगंज क्षेत्र से बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब युवक की अंतिम लोकेशन और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है।
आगजनी और मारपीट की घटना भी जांच के घेरे में
मिशन चौक क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि दो दिन पहले अमन ओझा ने किसी विवाद के बाद एक कार और ऑटो रिक्शा में आग लगा दी थी। इस घटना के बाद कुछ लोगों ने उसकी पिटाई भी की थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद वह एक परिचित की बुलेट मोटरसाइकिल लेकर कहीं चला गया था। तभी से वह लापता था। अब उसकी मौत के बाद पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आगजनी और मारपीट की घटना का हत्या से कोई संबंध तो नहीं है। पुलिस दोनों मामलों की कडिय़ां जोडकर जांच आगे बढ़ा रही है। इधर अमन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है। शहर में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ पंजाब मजदूरी करने गए किशोर की संदिग्ध मौत,ठेकेदारों पर गंभीर आरोप

Share बेहोशी की हालत में घर छोड़ गए ठेकेदार,कुछ घंटे बाद हुई मौत…आदिवासी समाज ने …

Leave a Reply