जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को दी बधाई,संगठन विस्तार और जनसंपर्क को बताया प्राथमिकता…
अम्बिकापुर,09 मई 2026 (घटती-घटना)। अंबिकापुर स्थित संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भारत सिंह सिसोदिया ने भाजपा सरगुजा जिला कार्यसमिति सदस्यों, विशेष आमंत्रित सदस्यों, स्थायी आमंत्रित सदस्यों तथा मंडल प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की घोषणा की। नई जिम्मेदारियों के ऐलान के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं अरुणा सिंह, उपाध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला, वरिष्ठ भाजपा नेता निलेश सिंह तथा जिला संवाद प्रमुख रूपेश दुबे की उपस्थिति में नव नियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक संगठन आधारित पार्टी है,जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिन पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी है, वे पूरी निष्ठा, समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना तथा संगठन की विचारधारा को जन-जन तक ले जाना सभी कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं जनसंपर्क अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान भी किया। जिला संवाद प्रमुख रूपेश दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला कार्यसमिति, विशेष आमंत्रित एवं स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची में संगठन के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को स्थान दिया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur