वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
अम्बिकापुर,09 मई 2026 (घटती-घटना)। रघुनाथनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान अवैध रूप से बीयर परिवहन कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 नग केन बीयर एवं एक मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर 8 मई 2026 को थाना रघुनाथनगर क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे ग्राम केसारी की ओर से आ रही एक होंडा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल में सवार दो युवक पुलिस चेकिंग देखकर घबरा गए और भागने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम श्याम कार्तिक कुशवाहा पिता गोरेलाल कुशवाहा उम्र 25 वर्ष तथा पीछे बैठे युवक ने अपना नाम मनीष साहू पिता राम लल्लू साहू उम्र 22 वर्ष बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में रखी सफेद रंग की बोरी से 24 नग किंगफिशर केन बीयर बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 3 हजार 360 रुपए बताई गई है। बीयर के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने मौके पर ही बीयर एवं मोटरसाइकिल जब्त कर ली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 48/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur