Breaking News

अम्बिकापुर@आंधी-बारिश से बदला मौसम…गर्मी से राहत लेकिन नुकसान भी

Share


50 किमी की रफ्तार से चली हवा, कई जगह पेड़ गिरे और उड़े मकानों के शेड

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 मई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी और हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई इलाकों में नुकसान भी पहुंचाया। तेज हवा के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ गिर गए, जबकि कई मकानों के टीन शेड उड़ गए। शुक्रवार शाम अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ देर बाद हल्की बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार आंधी की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रही। तेज हवा के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। शहर के बनारस मार्ग स्थित डाइट कॉलेज के पास एक बड़ा पेड़ सडक किनारे खड़ी दो स्कूटी पर गिर गया। हादसे में स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेड़ गिरने और घरों के शेड उडऩे की सूचना मिली है।
तीन-चार दिनों से बदल रहा मौसम : अंबिकापुर सहित सरगुजा संभाग में पिछले तीन से चार दिनों से दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। कभी बादल छा रहे हैं तो कहीं हल्की बारिश हो रही है। मौसम में इस बदलाव से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कुछ दिन पहले तक अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था,लेकिन अब बारिश और बादलों की सक्रियता से मौसम सुहाना हो गया है। अधिकतम तापमान गिरकर 34 से 35 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट ने बताया कि मन्नार की खाड़ी और उससे लगे श्रीलंकाई क्षेत्र के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर चक्रवाती वायु परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से आगामी 11 मई के आसपास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न वायुदाब क्षेत्र बनने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव हो रहा है। आने वाले कुछ दिनों तक अंबिकापुर सहित सरगुजा संभाग में तेज आंधी और बारिश की स्थिति बनी रह सकती है।
गर्मी से मिली राहत
तेज गर्मी और उमस से परेशान लोगों को मौसम बदलने से राहत मिली है। शाम होते ही ठंडी हवा चलने लगी, जिससे लोगों ने राहत महसूस की। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@पिता की टांगी से हत्या कर दो बोरियों में भर फेंकी थी लाश,बेटा समेत चार आरोपी गिरफ्तार

Share सोशल मीडिया से हुई मृतक की शिनाख्त,पूछताछ में बेटे ने कबूला जुर्म,मां और मौसा …

Leave a Reply