Breaking News

खड़गवां@ सुशासन अब दफ्तरों में नहीं,गांव की चौपाल तक: मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल

Share


सुशासन तिहार 2026 में जनसमस्याओं का मौके पर समाधान, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बोले—सरकार सीधे जनता के बीच पहुंच रही
राजेन्द्र शर्मा-
खड़गवां,09 मई 2026 (घटती-घटना)।
‘गांव-गांव, द्वार-द्वार सुशासन तिहार 2026’ के तहत विकासखंड खड़गवां के ग्राम मझौली में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की भारी भागीदारी देखने को मिली, शिविर में 10 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण अपनी समस्याएं और आवेदन लेकर पहुंचे, जहां विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही समस्याओं केसमाधान की व्यवस्था की गई, कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया, शिविर परिसर में सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ने लगी थी, अलग-अलग विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां अधिकारी सीधे आम लोगों से आवेदन लेकर उनका निराकरण कर रहे थे। बता दे की खड़गवां में आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ का यह शिविर प्रशासन और जनता के बीच संवाद का बड़ा मंच बनकर सामने आया, सरकार की मंशा योजनाओं को सीधे गांव तक पहुंचाने और समस्याओं का मौके पर समाधान करने की दिखाई दी, अब देखना यह होगा कि शिविर में प्राप्त शेष आवेदनों का निराकरण कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से किया जाता है।
सरकार अब जनता के द्वार पर…
राज्य सरकार द्वारा 1 मई से 10 जून तक चलाए जा रहे ‘सुशासन तिहार 2026’ अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान करना है, शिविर में एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, इस दौरान कुल 392 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। ग्रामीणों ने राशन कार्ड,वन अधिकार पट्टा, आयुष्मान कार्ड, जॉब कार्ड और अन्य योजनाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ भी वितरित किए गए। कई लोगों को राशन कार्ड,आयुष्मान कार्ड और जॉब कार्ड उपलब्ध कराए गए, जबकि वन अधिकार पट्टों का वितरण भी किया गया,ग्रामीणों ने मौके पर समाधान मिलने पर संतोष जताया और कहा कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे,लेकिन शिविर के माध्यम से राहत मिली है।
मंत्री जायसवाल बोले… जनसेवा को मजबूत कर रही सरकार
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार अब केवल दफ्तरों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर जनता की समस्याएं सुन रही है, उन्होंने कहा कि ‘सुशासन तिहार’ केवल एक सरकारी अभियान नहीं बल्कि सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है, मंत्री ने कहा कि इस अभियान के जरिए पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा को मजबूत किया जा रहा है ताकि आम लोगों को छोटी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
ग्रामीणों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण,महिला समूह, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। शिविर में कई लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, ग्रामीणों का कहना था कि इस प्रकार के शिविरों से प्रशासन और जनता के बीच दूरी कम होती है तथा लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ दोनों मिलते हैं।
जनसमस्याओं के समाधान पर जोर
शिविर में पेयजल, सड़क, राजस्व प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, स्वास्थ्य सुविधाएं, वन अधिकार, रोजगार और राशन वितरण से जुड़े कई मामलों पर सुनवाई की गई, अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी जोर दिया।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@पिता की टांगी से हत्या कर दो बोरियों में भर फेंकी थी लाश,बेटा समेत चार आरोपी गिरफ्तार

Share सोशल मीडिया से हुई मृतक की शिनाख्त,पूछताछ में बेटे ने कबूला जुर्म,मां और मौसा …

Leave a Reply